कुआलालंपुर। दुनिया की नंबर 1 बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल से महज एक हफ्ते के भीतर चीनी खिलाड़ी ने उनका ताज छीन लिया है। मलेशिया ओपन वर्ल्ड सुपरसीरीज प्रीमियर टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में सायना मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन चीन की ली जुइरेई से हार गयी हैं।
रोमांचक मैच में ली को कड़ी चुनौती देने के बाद सायना ली से 13-21, 21-17, 22-20 से हार गयी। पुत्रा स्टेडियम में हुए सेमीफाइनल मुकाबले में जुइरेई ने तीन गेम तक खिंचे मुकाबले में सायना को पटखनी दे दी।
सायना और जुइरेई के बीच अब तक 11 बार सामना हुआ है। जुइरेई ने सायना को नौ बार हार झेलने को मजबूर किया है जबकि सायना दो बार विजयी रही हैं। 2012 के बाद सायना इस चीनी खिलाड़ी के खिलाफ जीत नहीं हासिल कर सकी हैं।
सायना ने जोरदार खेल दिखाते हुए पहला गेम आसानी से अपने नाम किया। एक समय हालांकि जुइरेई ने 6-6 की बराबरी कर ली थी लेकिन सायना ने आगे निकलते हुए गेम अपने नाम किया।
दूसरे गेम में दोनों के बीच जबरदस्त टक्कर हुई। एक समय जुइरेई 18-17 से आगे चल रही थीं लेकिन सायना यहां अपने हाथ आए मौके को भुना नहीं सकीं जबकि जुइरेई ने लगातार तीन अंक हासिल कर गेम जीत लिया।
फाइनल में जुइरेई का सामना मौजूदा विश्व चैम्पियन स्पेन की कैरोलिना मारिन से होगा। मारिन ने सेमीफाइनल में चीन की दूसरी वरीय खिलाड़ी शिजियान वांग को 21-17, 24-22 से हराया।