चंड़ीगढ़। बीजिंग ओलंपिक में पदक विजेता और देश के प्रसिद्ध मुक्केबाज विजेन्द्र के घर से 26 किलो हेरोइन (अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 130 करोड़) बरामद हुई है। इस संबंध में पंजाब पुलिस विजेन्द्र से पूछताछ कर रही है। पंजाब पुलिस ने जीरकपुर में एक जिस घर से 26 किलो हेराइन बरामद किया है उसके बाहर विजेन्द्र की पत्नी अर्चना सिंह की कार खड़ी है। बताया जा रहा है कि ड्रग तस्करों ने माना है कि वे हेरोइन विजेंदर सिंह और राम सिंह नाम के बॉक्सरों को सप्लाई करते थे। तस्करों से पूछताछ के बाद पुलिस ने विजेन्द्र सिंह, उनकी पत्नी अर्चना सिंह और राम सिंह को तलब किया है।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल इन तीनों लोगों के खिलाफ कोई पुख्ता सबूत नहीं है। दूसरी तरफ विजेन्द्र सिंह ने ड्रग तस्करों से किसी भी तरह के संबंध होने से इंकार कर दिया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 मार्च को एनआरआई अनूप सिंह काहलों समेत दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए 7 दिनों के रिमांड पर ले लिया था। उनसे पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर गुरुवार को पुलिस ने जीरकपुर के एक फ्लैट में से 16 किलो और कुलविंदर सिंह के फ्लैट में खड़ी एक कार की डिग्गी में से 10 किलो हेरोइन बरामद करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने फ्लैट की छत में बनाए गुप्त तहखाने में हेरोइन छिपा कर रखी हुई थी। पुलिस ने इस बात की भी पुष्टि की है कि ड्रग तस्कर के घर के बाहर से अर्चना सिंह की कार मिली है। साथ ही उन्होंने बताया कि अर्चना की कार से कोई नशीला पदार्थ नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पुलिस जांच कर रही है और जब तक कोई संबंध स्थापित नहीं हो जाता, वह किसी का नाम नहीं लेना चाहेंगे। वहीं विजेंदर ने है कि मैं कई लोगों से मिलता हूं। इनसे भी किसी के जरिए मिला था लेकिन निजी तौर पर नहीं जानता हूं। ड्रग तस्कर के घर के बाहर कार खड़ी होने के सवाल पर उन्होंने कहा, 'मैं मुंबई में था और हो सकता है कि मेरा दोस्त कार ले गया हो। इस दौरान उसने अनूप सिंह के घर के बाहर कार पार्क की होगी। तस्कर मेरा नाम बचने के लिए ले रहे होंगे।