नई दिल्ली। भारत की महान मुक्केबाज और 6 बार की विश्व चैंपियन मैरीकॉम ने अपने संन्यास के बारे में बड़ा संकेत दिया है। वे टोक्यों ओलंपिक 2020 के बाद अपने संन्यास की घोषणा कर सकती हैं। मैरीकॉम फिलहाल 36 साल की हैं और पिछले 18 साल से बॉक्सिंग में सक्रिय रही हैं। उनके नाम ओलंपिक में कांस्य पदक भी है। अपनी संन्यास की योजना के बारे में मैरीकॉम ने गुरुवार को जानकारी दी।
उन्होंने बता कि उनकी योजना टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने के बाद संन्यास लेने की है। वे यहां एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आई हुई थीं। उन्होंने कहा, 'मैं 2020 के बाद संन्यास लेना चाहती हूं। इसलिए मेरा मुख्य लक्ष्य भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है। मैं सचमुच स्वर्ण पदक जीतना चाहती हूं।' खेल के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए देश भर में मशहूर मैरी ने आगे कहा, 'मैं देश को पदक दिलाने के लिए हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ कोशिश करती हूं। मैं ओलंपिक क्वालीफायर और विश्व चैंपियनशिप के लिए अपनी तैयारियां शुरू करूंगी। मैं इस बार स्वर्ण पदक जीतना चाहती हूं।'
मतलब साफ है कि कि मैरीकॉम की योजना सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि हासिल करते हुए संन्यास लेने की है। आपको बता दें कि फिलहाल अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ (एआईबीए) को टोक्यो ओलंपिक संबंधी प्रतियोगिताओं की मेजबानी से रोक रखा है। मैरीकॉम ने इस दौरान इस बात पर भी चर्चा की कि अगर आईओसी की घोषणा के मुताबिक अगले साल जनवरी और मई के बीच ओलंपिक क्वालीफायर के लिए नया कैलेंडर तैयार होता है तो उनको फायदा हो सकता है। उन्होंने कहा, 'यह मेरे लिए अच्छा होगा क्योंकि मुझे तैयारी के लिए और समय मिल जाएगा। अगर क्वालीफायर बाद में किए जाते हैं तो मुझे तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल जाएगा।'