नई दिल्ली। दिल्लीवासी राष्ट्रमंडल खेलों के लिए सड़कों पर बनाई गई विशेष गेम्स लेन के कारण होने वाली दिक्कतों के लिए अब खुद को तैयार कर रहे हैं। ये लेन खेलों के दौरान शहर में आने वाले खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों की सुविधा के लिए बनाई गई हैं।
दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त (यातायात) सत्येंद्र गर्ग ने कहा, "इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से खेल गांव के बीच गेम्स लेन सुबह 11 बजे दोपहर से 12 बजे तक बंद रहेगी। इसके बाद शाम के समय दोबारा 10 बजे से रात 11 बजे तक सीडब्ल्यूजी लेन आम लोगों के लिए बंद रहेंगी।"
गर्ग ने बताया कि खेल गांव से लेकर हवाई अड्डे के बीच विशेष लेन के अलावा विभन्न जगहों पर अलग से किसी किस्म की रोक-टोक नहीं रहेगी। उन्होंने बताया, "लोगों से अपेक्षा रहेगी कि वे गेम्स लेन से दूर रहें और यातायात के नियमों का पालन करें।"इससे पहले यातायात पुलिस ने यह तय किया था कि गेम्स लेन पर सोमवार से ही प्रतिबंध लगाया जाएगा लेकिन अब इस फैसले को स्थगित कर दिया क्योंकि आयोजकों का कहना था कि खिलाड़ियों का पहला दल गुरुवार से पहले दिल्ली नहीं पहुंचेगा।
गौरतलब है कि तीन से 14 अक्टूबर तक नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में 71 टीमें हिस्सा लेंगी और लगभग 7,000 प्रतिभागी और अधिकारी इसमें शामिल होंगे। देश में वर्ष 1982 में कराए गए एशियाई खेलों के बाद का सबसे बड़ा खेल आयोजन है।