नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेल परिसंघ के अध्यक्ष माइक फेनेल ने कहा है कि खेलों के लिए बने खेल गांव (गेम्स विलेज) में काम काफी हद तक पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि अभी कुछ काम बाकी हैं लेकिन उम्मीद है कि ये भी तीन अक्टूबर से पहले पूरे हो जाएंगे।नई दिल्ली में शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में फेनेल ने कहा, "मैं इस बात से खुश हूं कि खेल गांव में काम काफी हद तक पूरा हो गया है। कई जगहों पर अभी काम बाकी है। आशा है कि तीन अक्टूबर को उद्धाटन समारोह से पहले बाकी के काम भी पूरे कर लिए जाएंगे।"
उन्होंने कहा, "पहली बार जब मैं खेल गांव गया था तो वहां की हालत बेहद खराब थी। वह जगह रहने लायक नहीं थी। परंतु अब हालात काफी सुधर गए हैं। कुछ काम शेष हैं लेकिन उम्मीद है कि ये भी पूरे हो जाएंगे। खेल आयोजन से जुड़े लोग काम में तेजी से जुटे हुए हैं।"
फेनेल ने कहा, "मुझे इस बात की खुशी है कि जो देश यहां आने को लेकर हिचकिचाहट दिखा रहे थे, उनकी ओर से भी अब सकारात्मक संकेत आ रहे हैं। आशा करते हैं कि सभी इन खेलों में सभी शिकरत करेंगे और सफल बनाएंगे। हम लोगों को उम्मीद है कि सुरक्षा एवं अन्य सभी चिंताओं को समय रहते दूर कर लिया जाएगा।"
फेनेल ने खेल गांव में लजीज पकवानों और वहां के खाने-पीने से जुड़ी सुविधओं की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "मैंने गुरुवार रात खेल गांव में ही भोजन किया। वहां खाने की सुविधाएं शानदार हैं। यह अंतर्राष्ट्रीय स्तर की हैं। मुझे पूरी उम्मीद है कि किसी को भी खाने को लेकर कोई शिकायत नहीं होगी।"