उच्चायुक्त माजेके ने संवाददाताओं से कहा, "सांप हमारे खिलाड़ियों की जिंदगी के लिए खतरा बन सकता है। यह बहुत निराशाजनक है। दरअसल, बेसमेंट पानी से भरा हुआ था और सीढ़ियों में भी सीलन था। यदि सांप पाया जाता है तो हम अपने खिलाड़ियों से ऐसे खतरनाक स्थिति में रहने के लिए नहीं कह सकते।"
त्रिनिदाद एवं टोबैगो के अधिकारियों ने हालांकि खेलगांव में उपलब्ध सुविधाओं की प्रशंसा की लेकिन उन्होंने कहा कि बाकी बचे कार्यो के पूरा होने तक उनकी टीम होटलों में ही रुकेगी।टीम के एक अधिकारी जॉन मेलो ने कहा, "सुविधाएं अद्भुत हैं, लेकिन वहां अभी भी बहुत सारा काम करना बाकी है। इसी कारण हमने फिलहाल खेलगांव के बदले होटलों में रुकने का विकल्प चुना है। यह आयोजन भारत में होने वाली बड़ी शादियों के जैसा ही है। लेकिन हमें मच्छरों से ज्यादा चिंता है। क्योंकि इसके चलते डेंगू का डर है।"
स्कॉटलैंड की टीम के एक अधिकारी ने कहा कि आवारा कुत्ते खेलगांव में खिलाड़ियों के लिए लगातार खतरा बने हुए हैं।अधिकारी ने कहा, "हमने अब तक किसी भी अन्य खेलगांव में आवारा कुत्तों को नहीं देखा था। यह हमारे लिए बहुत ही अचरज की बात है और यह खिलाड़ियों के लिए खतरा भी पैदा करता है।"
इस बीच, आस्ट्रेलिया के चैम्पियन तैराक एश्ले कैलस और इंग्लैंड की जेन्ना रेन्डाल ने रविवार को कहा कि तमाम विरोधाभासों के बावजूद वे राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेंगे। आयोजकों को हालांकि ब्रिटेन की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला टेनिस खिलाड़ी एलिना बालटाचा और आस्ट्रेलिया के दो खिलाड़ियों के हिस्सा नहीं लेने की बुरी खबर भी मिली।
खिलाड़ियों के हटने और भारत आने के वादे से जुड़ी खबर पर गौर करें तो रेन्डाल और कैलस का यह फैसला आयोजकों के लिए ऐसे वक्त में खुशी की खबर बनकर आया है, जब कई खिलाड़ी सुरक्षा और साफ-सफाई का हवाला देते हुए अपना नाम वापस ले चुके हैं।समाचार पत्र 'कूरियर मेल' ने बीजिंग ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले कैलस के हवाले से लिखा है, "मैं चौथे राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने के लिए तैयार हूं। दिल्ली में जो हो रहा है, इससे मेरा खेलों में हिस्सा लेने का फैसला प्रभावित नहीं हुआ है। मैं 110 प्रतिशत इन खेलों में हिस्सा लूंगा।"
दूसरी ओर, रेन्डाल ने कहा कि वह अपनी लम्बे समय की दोस्त ओलिविया एलिसन के साथ दिल्ली में शिरकत करेंगी। बकौल रेन्डाल, "अभी मैं अभ्यास पर जोर दे रही हूं। हम सोमवार को भारत रवाना हो रहे हैं। मैं राष्ट्रमंडल खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन की आस लगाए हुए हूं।"
इससे पहले, ब्रिटेन की टेनिस स्टार बालटाचा ने रविवार को राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारत जाने से इंकार कर दिया। बालटाचा ने कहा है कि वह खेल गांव में साफ-सफाई को लेकर डरी हुई हैं।बालटाचा पांचवीं ऐसी टेनिस स्टार हैं, जिन्होंने नई दिल्ली जाने से इंकार कर दिया है। इससे पहले आस्ट्रेलिया लेटन हेविट और समांथा स्टोसुर, ब्रिटेन के एंडी मरे और साइप्रस के मार्कस बघदातिस ने भारत जाने से इंकार कर दिया था।
इससे ठीक पहले, आस्ट्रेलिया के दो और एथलीटों ने नाम वापस ले लिया। 'आस्ट्रेलियाई एसोसिएटेड प्रेस' के मुताबिक नाम वापस लेने वालों में साइकिल चालक ट्रेविस मायेर और महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी स्टेफाने सांग शामिल हैं। इन दोनों खिलाड़ियों ने सुरक्षा और स्वास्थ्य कारणों से नाम वापस लिया है।एक सप्ताह के भीतर तीसरे आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने खेलों से नाम वापस लिया है। डिस्कस थ्रो की विश्व चैम्पियन डानी सैमुएल्स के नाम वापस लेने के बाद आस्ट्रेलियाई राष्ट्रमंडल खेल संघ के अध्यक्ष पैरी क्रॉसव्हाइट ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया था।
क्रासव्हाइट ने कहा कि मायेर और सांग का नाम वापस लेना भी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। खेलों के शुरू होने से ठीक पहले इन खिलाड़ियों ने नाम वापस लेकर अच्छे अनुभव से खुद को महरूम कर लिया है।