ECB ने किया ‘द सन' अखबार का विरोध, स्टोक्स की निजी जिंदगी का किया था भयानक खुलासा
नई दिल्ली। क्रिकेट जगत उस समय हैरान रह गया था जब ब्रिटिश अखबार 'द सन' ने इंग्लैंड के आलराउंडर बेन स्टोक्स के परिवार से जुड़ी एक पुरानी घटना का खुलासा किया। द सन ने खुलासा किया कि स्टोक्स के साैतेले भाई-बहन की हत्या उनके साैतेले पिता द्वारा ही गोली मारकर की गई थी। इस रिपोर्ट के छपने के बाद जहां स्टोक्स ने खुद मीडिया के खिलाफ आपत्ति जताई तो वहीं इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने भी 'द सन' का विरोध किया।
ईसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉम हैरिसन ने मंगलवार को कहा, 'द सन' टेबलॉयड के पहले पन्ने पर छपी खबर को लेकर बेहद हैरान हैं। हैरिसन ने कहा, ''हम, खेल जगत के अन्य लोगों की तरह, बेन के अतीत की त्रासदीपूर्ण घटनाओं का खुलासा करने की घटना से घृणा करते हैं और हैरान हैं।''उन्होंने आगे कहा कि हम दुखी हैं कि समाचार पत्र बेचने या वेबसाइट पर अधिक क्लिक के लिए इस हद तक निजता के अतिक्रमण को जरूरी समझा गया। लार्ड्स और हेडिंग्ले में अपने प्रदर्शन से बेन ने इन गर्मियों में क्रिकेट इतिहास में अपनी जगह पक्की कर ली है- हमें यकीन है कि पूरा खेल और पूरा देश उसके साथ खड़ा है।
बता दें कि अखबार ने स्टोक्स के हत्यारे साैतेले पिता की 49 वर्षीय बेटी जैकी डन के हवाले से लिखा था, "अप्रैल 1988 में स्टोक्स के जन्म से पहले उनकी 8 वर्षीय सौतेली बहन ट्रेसी और 4 वर्षीय सौतेले भाई एंड्रयू की हत्या कर दी गई थी। इस वारदात को अंजाम दिया था बेन स्टोक्स की मां देब स्टोक्स के पूर्व पति रिचर्ड डन ने।" अपने पुराने गम मीडिया द्वारा ताजा होने पर स्टोक्स ने नाराजगी जताई थी कि'द सन' अखबार ने अपने रिपोर्टर को न्यूजीलैंड मेरे घर भेजकर परिवार की निजता पर हमला किया है। 30 साल पहले हुए उस भयानक हादसे को भूलने में मेरे परिवार को वर्षों लग गए, जिसे अब वो कुरेद रहे रहे हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
