
तो इस वजह से आईसीसी टूर्नामेंट हार रही है विराट सेना
मीडिया से बात करते हुए भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने बताया कि 2013 के बाद से खेले गये आईसीसी टूर्नामेंट में लगातार हार का कारण रहा है भारतीय टीम का मध्यक्रम, जो कि युवराज सिंह के आउट ऑफ फॉर्म होने के बाद से फिर से मजबूत नहीं हो पाया।
विराट कोहली ने कहा कि जब तक टीम के पास मजबूत मध्य क्रम नहीं होगा तब तक भारतीय टीम को आईसीसी के बड़े टूर्नामेंट में जीत मिल पाना बेहद मुश्किल काम है।
कोहली ने कहा, 'हमें ऐसे खिलाड़ी चाहिएं हो 6 और 7 नंबर पर रहकर टीम को जीत दिला सकें। टीम बल्लेबाजी में एक, दो या तीन खिलाड़ियों पर निर्भर नहीं रह सकती। आप जानते है कि इस तरह से कभी भी आईसीसी टूर्नामेंट नहीं जीत सकते।'

सिर्फ 1 या 2 खिलाड़ियों के बूते नहीं मिलेगी जीत
भारतीय कप्तान विराट कोहली ने माना कि अगर आईसीसी टूर्नामेंट में जीत हासिल करनी है तो पूरी टीम को साथ मिलकर खेलना होगा, सिर्फ 1 या 2 खिलाड़ी टीम की सफलता तय नहीं कर सकते।
उन्होंने कहा, 'इसलिए हमारा सारा ध्यान इस बात पर है कि हम खिलाड़ियों के सामने वो स्थिति लेकर आएं जहां पर अगर टीम को जरूरत हो तो हमसे बेहतर और निडर खेल दिखाकर एक मैच विनर के रूप में उभरें। आने वाली दो-तीन सीरीज काफी रोमांचक होने वाली हैं, इसमें हमें पता चलेगा कि कौन सा खिलाड़ी दबाव की स्थिति में टिका रह सकता है। कैसे ये लोग मेरे, रोहित, राहुल और धवन के बिना स्थिति संभालते हैं।'

7 साल पहले भारत ने जीता था आखिरी आईसीसी टूर्नामेंट
भारत ने 7 साल पहले आखिरी बार कोई आईसीसी टूर्नामेंट जीता था। उसके बाद से टीम ने कई बार सेमीफाइनल और फाइनल तक का सफर तय किया है लेकिन खिताब जीत पाने में नाकाम रही है। भारतीय टीम ने साल 2013 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में आईसीसी की चैम्पियंस ट्रॉफी जीती थी।
रविवार से भारत और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज की शुरुआत हो रही है, इसका पहला मैच गुवाहाटी के बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है।


Click it and Unblock the Notifications
