नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मैच के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन का ऐलान हो चुका है। इसी के साथ यह भी तय हो चुका है कि टीम मैनेजमेंट अभी भी टेस्ट में बेस्ट रिद्धिमान साहा को मानती है जबकि रिषभ पंत को अभी भी अधिक अभ्यास की जरूरत है। पहला मैच 2 अक्तूबर को विशाखापट्टनम में होगा, जिसमें कप्तानी विराट कोहली के हाथों मे होगी जबकि उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे रहेंगे।
टीम प्रबंधन के द्वारा नए प्रयोग के तहत रोहित शर्मा को मयंक अग्रवाल के साथ सलामी बल्लेबाजी की जिम्मेदारी दी गई है। वेस्टइंडीज में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद मध्यक्रम में कोई बदलाव मुश्किल था और वही हुआ है। कप्तान विराट कोहली और उप-कप्तान रहाणे के साथ चेतेश्वर पुजारा और हनुमा विहारी मध्यक्रम का भार संभालेंगे। लगातार निराशाजनक प्रदर्शन कर रहे ऋषभ पंत को पहले टेस्ट में जगह नहीं मिली है और उनकी जगह रिधिमान साहा को मौका दिया गया है।
गेंद और बल्ले से बढ़िया प्रदर्शन करने वाले रविन्द्र जडेजा की जगह बरकरार है। बुमराह की गैरमौजूदगी और स्पिन पिच को देखते हुए टीम ने टेस्ट और घरेलू मैदान पर सफल गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन को मौका दिया है। उनके अलावा गेंदबाजी में इशांत शर्मा और मोहम्मद शमी तेज गेंदबाजी से टीम को धार देंगे।
माैजूदा समय में भारतीय टीम जीत की पटरी पर चली हुई है। हाल ही में उन्होंने विंडीज के खिलाफ 2 टेस्ट मैचों की सीरीज पर बड़ी आसानी से बाजी मारी थी। वहीं पिछली 15 टेस्ट सीरीज में भारत ने सिर्फ 2 सीरीज ही गंवाई है। एक 2017 में साउथ अफ्रीका में जाकर गंवाई थी तो दूसरी 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज गंवाई थी। इन आंकड़ों को देख साफ झलकता है कि साउथ अफ्रीका के लिए भारत को हरा पाना आसान नहीं रहने वाला। रोहित शर्मा ओपनिंग करते हुए दिखेंगे, जिन्हें रोकना अफ्रीकी गेंदबाजों के लिए भी बड़ी चुनाैती रहेगा। वहीं कोहली बेस्ट पारियां खेलकर टेस्ट रैंकिंग की नंबर-वन कुर्सी की ओर फिर से कदम बढ़ाना चाहेंगे।
ऐसी है प्लेइंग इलेवन-
विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उप-कप्तान), रोहित शर्मा, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी, आर अश्विन, आर जडेजा, रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर), इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी)