2021: भारत ने दूसरी बार किया एक साल में एशिया से बाहर 4 टेस्ट जीतने का कारनामा
नई दिल्लीः भारतीय क्रिकेट टीम के लिए विदेशों में जीत का सिलसिला जारी है और विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया ने खुद को टेस्ट क्रिकेट की एक महाशक्ति के तौर पर बरकरार रखा है। भारत ने जिस तरीके से इस साल की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया में धमाकेदार टेस्ट सीरीज के साथ की उसी तरह का समापन दक्षिण अफ्रीका को उसी की धरती पर सेंचुरियन में हराकर किया है। प्रोटियाज दौरे पर गई टीम इंडिया साउथ अफ्रीका की धरती पर तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है जिसका मुकाबला भारत के पक्ष में समाप्त हुआ है और अभी दो मैच और खेले जाने बाकी है जो नए साल में खेले जाएंगे।

साल 2021 में टीम इंडिया का कमाल-
भारत ने अपने ताजा मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 113 रनों से मात दी है और पहली पारी में शतक लगा चुके केएल राहुल को मैन ऑफ द मैच दिया गया है। राहुल ने पहली पारी में बेहतरीन बैटिंग करते हुए 260 गेंदों पर 123 रनों की पारी खेली थी जबकि गेंदबाजी में मोहम्मद शमी ने पहली पारी में 5 और दूसरी पारी में 3 विकेट चटकाकर अपनी ओर से अहम भूमिका अदा की थी। यह साल 2021 में भारतीय क्रिकेट टीम की एशिया के बाहर चौथी जीत है। साल 2021 की बात करें तो भारत के अलावा केवल पाकिस्तान ही ऐसी टीम है जिसने अपनी अपनी घरेलू धरती से बाहर टीम इंडिया के मुकाबले अधिक जीत दर्ज की है। पाकिस्तान ने इस साल विदेशी धरती पर पांच टेस्ट जीत हासिल की है।

जीत की शुरुआत ब्रिसबेन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ-
भारत ने इस साल जीत की शुरुआत ब्रिसबेन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ की थी जब उन्होंने कंगारुओं का अभेद किला गाबा में ढहा दिया था। 15 जनवरी 2021 को हुआ यह मुकाबला भारत के पक्ष में 3 विकेट से चला गया था और इसके साथ ही टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया में अपनी लगातार दूसरी टेस्ट सीरीज जीतने में कामयाबी हासिल की थी। भारत को दूसरी जीत इंग्लैंड दौरे पर लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर मिली जब टीम इंडिया ने लंदन में अंग्रेजों को 151 रनों से हराया था। यह पांच मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला था लेकिन इंग्लैंड ने तीसरे मैच में भारत को एक पारी और 76 रनों से हराकर शानदार वापसी की पर उसके बाद भारत ने एशिया के बाहर इस साल अपनी तीसरी जीत दर्ज करते हुए चौथे मैच में वापसी की थी। यह मुकाबला ओवल में खेला गया और भारत यहां पर 157 रनों से विजयी हुआ था।

2018 में ऐसा पहली बार हुआ था-
अब चौथा मुकाबला सेंचुरियन में 113 रनों से जीत लिया गया है। यह भारतीय क्रिकेट इतिहास में केवल ऐसा दूसरा साल है जब टीम इंडिया एशिया के बाहर 4 बार एक कैलेंडर ईयर में जीतने में कामयाब रही। इससे पहले साल 2018 में ऐसा पहली बार हुआ था और तब टीम इंडिया ने जोहांसबर्ग, नॉटिंघम, एडिलेड और मेलबर्न में जीत हासिल की थी। तब भारत ने पहली बार आस्ट्रेलिया को उसकी धरती पर हराने का गौरव भी हासिल किया था।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
