bbc-Staff
कुछ दिन पहले थाईलैंड ओपन जीतने वाली भारत के लिएंडर पेस और चेक गणराज्य के लुकास ड्लोही की जोड़ी जापान ओपन के सेमी फ़ाइनल में पहुँची.
पेस और ड्लोही ने क्वार्टर फ़ाइनल में जर्मनी के फिलिप पेचनर और ऑस्ट्रिया के एलेक्ज़ेंडर पेया की जोड़ी को सीधे सेटों में 6-2 और 7-6 से मात दी.
टोक्यो में चल रही आठ लाख 69 हज़ार डॉलर की इस ईनामी प्रतियोगिता में पेस और ड्लोही को शीर्ष वरीयता मिली हुई है.
क्वार्टर फ़ाइनल मुक़ाबला एक घंटे और आठ मिनट तक चला. पेस और लुकास ड्लोही ने पहला सेट तो आसानी से जीत लिया लेकिन दूसरे सेट में उन्हें काफ़ी मशक्कत करनी पड़ी.
पहला सेट एकतरफ़ा रहा और पेस-ड्लोही ने कई बार सर्विस तोड़कर 6-2 से आसान जीत दर्ज की. लेकिन दूसरे सेट में मुक़ाबला काँटे का रहा.
पेचनर और पेया ने कड़ी टक्कर दी. मुक़ाबला टाई ब्रेकर तक गया लेकिन टाई ब्रेकर में काम आया पेस और ड्लोही का अनुभव.
उन्होंने टाई ब्रेकर जीत कर सेमी फ़ाइनल में जगह बना ली. कुछ दिन पहले पेस और ड्लोही ने थाईलैंड ओपन का ख़िताब जीता था.
Story first published: Friday, October 3, 2008, 20:03 [IST]
Other articles published on
Oct 3, 2008