2nd T20, IND vs WI: जारी है शैफाली की तूफानी पारी, दीप्ती ने लगाया विकेटों का चौका, भारत जीता
नई दिल्ली। वेस्टइंडीज दौरे पर पहुंची भारतीय महिला टीम ने अपना विजयी क्रम जारी रखा है। पहली बार कैरिबियाई धरती पर वनडे सीरीज जीतने के बाद भारतीय महिला टीम टी20 में भी सीरीज जीत की ओर अग्रसर है। भारतीय महिला टीम ने रविवार को हुए दूसरे टी20 मैच में युवा बल्लेबाजी शेफाली वर्मा और ऑफ स्पिनर दीप्ति शर्मा के दमदार प्रदर्शन की बदौलत 10 विकेट से जीत हासिल की। रविवार को हुए दूसरे मैच में वेस्टइंडीज की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम ने दीप्ती शर्मा की शानदार गेंदबाजी ( 4 ओवर 10 रन 4 विकेट) के दम पर वेस्टइंडीज की टीम को निर्धारित 20 ओवर में महज 103 रन पर रोक दिया।
और पढ़ें: IND vs BAN: नागपुर के मैदान पर बनते-बनते रह गए यह रिकॉर्ड, चहल ने लगाया विकेटों का अर्धशतक
आसान से लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने इस स्कोर को शेफाली वर्मा (69) और स्मृति मंधाना (30) के दम पर महज 10.3 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम 5 मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 से आगे हो गई है।

दीप्ती शर्मी ने किया करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और पहले मैच की तरह इस मैच में भी स्टैसी एन किंग (7) मात्र 14 रन के स्कोर पर आउट होकर वापस पवेलियन लौटी। भारत के लिये शिखा पांडे ने पहली सफलता दिलाई। वहीं एक रन बाद राधा यादव ने विकेटकीपर बल्लेबाज शेमाइन कैंपबेल (शून्य) को आते ही वापस पवेलियन भेज दिया। राधा यादव ने उन्हें वेदा कृष्णमूर्ति के हाथों स्टंप करवाया। पूजा वस्त्राकर ने मैथ्यूज को आउट करके यह साझेदारी तोड़ी। वेस्टइंडीज के लिए नताशा मैकलीन (17) दोहरे अंक में पहुंचने वाली तीसरी कैरेबियाई बल्लेबाज थी। इसके बाद दीप्ति शर्मा हावी हो गयी जिन्होंने आखिरी चार ओवरों में चार विकेट झटक कर वेस्टइंडीज को महज 103 ऱन पर रोक दिया।

शेफाली का तूफानी अंदाज जारी, लगाया दूसरा अर्धशतक
वहीं 104 रनों का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिये पंद्रह वर्षीय शेफाली ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा तथा 35 गेंदों पर नाबाद 69 रन बनाये जिसमें दस चौके और दो छक्के शामिल हैं। दूसरी सलामी बल्लेबाज स्मृति मंदाना 30 रन बनाकर नाबाद रही। भारत ने 10.3 ओवर में बिना किसी नुकसान के 104 रन बनाकर पांच मैचों की श्रृंखला में 2-0 की बढ़त बनायी।
वेस्टइंडीज की कप्तान अनीसा मोहम्मद ने सात गेंदबाजों को आजमाया लेकिन इसका भारतीय सलामी जोड़ी पर कोई असर नहीं पड़ा।

शेफाली ने शनिवार को तोड़ा था सचिन का 30 साल पुराना रिकॉर्ड
भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मैच में भी शेफाली वर्मा की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत 84 रन से जीत दर्ज की थी। इस मैच में इस युवा महिला खिलाड़ी ने सचिन तेंदुलकर के 30 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ इतिहास रच दिया था। शेफाली ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक जड़ने वाली भारत की सबसे युवा खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था जिन्होंने 30 साल पहले 16 साल और 214 दिन की उम्र में अपना पहला टेस्ट अर्धशतक जड़ा था।
शेफाली ने 15 साल और 285 दिन की उम्र में अपना पहला टी20 अर्धशतक लगाया और यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। शेफाली ने 49 गेंद में 73 रन की पारी खेली और पारी के दौरान छह चौके और चार छक्के जमाए। इससे पहले शेफाली अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाली सबसे युवा खिलाड़ी बनी थी जिन्होंने पिछले महीने सूरत में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना डेब्यू किया था।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरा टी20 अंतर्राष्ट्रीय गयाना के प्रोविडेन्स स्टेडियम में 14 नवंबर को खेला जाएगा।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
