इंग्लैंड ओपन में सायना सहित 5 भारतीय दूसरे दौर में
लंदन। लंदन ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारत की अग्रणी बैडमिंटन स्टार सायना नेहवाल सहित पांच भारतीय ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैम्पियनशिप-2103 के दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। विश्व के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों में से एक से पहले दिन बुधवार को ही कुछ चौंकाने वाले नतीजे सामने आए।इस टूर्नामेंट में भारत के एक दर्जन से अधिक खिलाड़ी और जोड़ियां मैदान में थे, लेकिन एकल में सिर्फ चार खिलाड़ियों और युगल में सिर्फ एक जोड़ी को आगे जाने का मौका मिल सका। कई खिलाड़ियों की चुनौती क्वालीफाईंग में खत्म हो गई।
सायना के अलावा महिला एकल में पीवी सिंधु, पुरुष एकल में कश्यप तथा सौरव वर्मा और मिश्रित युगल से वी. दीजू और ग्वाला गुट्टा दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे हैं। सबसे पहले बात सायना की। विश्व की दूसरी और टूर्नामेंट की भी दूसरी वरीय सायना के लिए पहले दौर का मुकाबला अच्छा नहीं रहा, क्योंकि उन्हें अपने से नीचे वरीयता क्रम की थाईलैंड की सैपसिरी तेईरतनाचाई के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए संघर्ष करना पड़ा।
सायना ने सैपसिरी पर 21-8, 18-21, 21-16 से जीत दर्ज की। यह मैच 54 मिनट तक चला। दोनों के बीच यह पांचवीं भिड़ंत थी। पांचों ही बार सायना विजयी रही हैं। अगले दौर में सायना का सामना क्वालीफाईंग के जरिये मुख्य दौर में जगह बनाने वाली इंडोनेशिया की बेलेट्रिक्स मानुपुती से होगा।
महिला एकल में सिंधु ने अपने पहले मैच में थाईलैंड की बुसानान ओनबुमरुगपन को 21-13, 21-18 से हराया। यह मैच 29 मिनट चला। अपने पहले अभियान में प्रभावशाली जीत हासिल करने वाली सिंधु अब अगले दौर में टूर्नामेंट की चौथी वरीय खिलाड़ी जर्मनी की जूलियन शेंक के साथ भिड़ेंगी। 16वीं वरीयता प्राप्त सिंधु और चौथी वरीय शेंक के बीच यह दूसरी भिड़ंत होगी। इससे पहले शेंक विजयी रही हैं।
लंदन ओलम्पिक में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय करने वाले कश्यप ने पहले दौर में चीनी ताइपे के जेन हाओ सू को 21-17, 21-18 से हराया। कश्यप अगले दौर में टूर्नामेंट के सातवीं वरीय जापानी खिलाड़ी केनिची तागो से भिड़ेंगे। दोनों के बीच अब तक एक बार भिड़ंत हुई है, जिसमें तागो जीते हैं।
मध्य प्रदेश के उदीयमान खिलाड़ी सौरव वर्मा भी दूसरे दौर में पहुंचने में सफल रहे हैं। क्वालीफिकेशन के जरिये मुख्य दौर में जगह बनाने वाले सौरव ने पहले दौर में इंडोनेशिया के दियोनिसस रुम्बाका को 10-21, 21-14, 24-22 से पराजित किया। सौरव को हालांकि जीत के लिए 59 मिनट पसीना बहाना पड़ा।
सौरव ने क्वालीफाईंग के दूसरे दौर में इंग्लैंड के राजीव ओउसेप को 21-13, 21-18 से हराकर मुख्य दौर में जगह बनाई। सौरव ने अपने पहले दौर के मुकाबले में फ्रांस के प्राइस लेवरदेज को 22-20, 23-21 से हराया था।
मिश्रित युगल वर्ग में दीजू और गुट्टा को जर्मनी के पीटर काएसबाउर और इसाबेल हेरट्रिक की जोड़ी पर आसान जीत मिली। भारतीय जोड़ी ने यह मैच 21-9, 21-17 से जीता। क्वालीफाईंग में वॉकओवर के जरिए मुख्य दौर में जगह बनाने वाले भारतीय जोड़ीदारों का सामना अब अगले दौर में पोलैंड के राबर्ट मातेसुएक और नादिएज्दा जिएबा की जोड़ी के साथ भिड़ंत होगी।
इसके अलावा एकल में भारत के अजय जयराम, मिश्रित युगल में तरुण कोना और अश्विनी पोनप्पा तथा इसी वर्ग में अक्षय देवाल्कर और प्रांद्या गडरे की जोड़ी को हार का सामना करना पड़ा।
जयराम को चीन के झेंगमिंग वांग ने 15-21, 21-18, 21-10 से हराया। वहीं क्वालीफाईंग के जरिये मुख्य दौर में जगह बनाने वाली गडरे और देवाल्कर की जोड़ी से बेहतर प्रदर्शन की आस थी, लेकिन इस जोड़ी ने निराश किया। भारतीय जोड़ी को पहले राउंड में मलेशिया की जियान जुओ ओंग और यिन लू लिम की जोड़ी ने 21-8, 21-13 से हराया। यह मैच 24 मिनट चला।
देवाल्कर और गडरे ने मंगलवार को पहले दौर के क्वालीफाईंग मैच में चीनी ताइपे के चिया बिन लू और बिया लान चांग की जोड़ी को 21-12, 21-13 से हराया और फिर दूसरे दौर में हांगकांग के चुन हेई ली और होई वाह चाउ को 22-24, 21-14, 21-18 से मात दी थी। भारत की दूसरी मिश्रित युगल जोड़ी-पोनप्पा और कोना को इंडोनेशिया के फ्रान कुरियावान और शेंडी पुस्पा इरावती ने 21-18, 21-10 से मात दी।
इस प्रतियोगिता के पहले दिन ही कुछ बेहद चौंकाने वाले नतीजे सामने आए। महिला एकल में विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त चीनी खिलाड़ी ली जुइरेई और पुरुष एकल में चीन के ही पेंगयु दू तथा छठे वरीय हांगकांग के युन हू को हार का सामना करना पड़ा। इसके अलावा महिला वर्ग में विश्व की तीसरी वरीय चीनी महिला स्टार यिहान वांग को भी हार मिली।
टूर्नामेंट की सर्वोच्च वरीय खिलाड़ी जुइरेई को दक्षिण कोरिया की इयोन जू बेई ने 21-18, 21-18 से हराया, जबकि वांग को इंडोनेशिया की लिंडावेनी फेनतेरी ने 21-12, 21-19 से मात दी। पेंगयु को चीनी ताइपे के तेन चेन चोउ ने 21-17, 10-21, 21-18 से हराया। युन को थाईलैंड के तानोंगसाक एस. ने 21-16, 11-21, 23-21 से हराया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
