ट्वेंटी-20 विश्व कप: न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज का शानदार आगाज (लीड-1)
गयाना, 1 मई (आईएएनएस)। ट्वेंटी-20 विश्व कप के तीसरे संस्करण का पहला दिन न्यूजीलैंड और मेजबान वेस्टइंडीज के नाम रहा। इन दोनों टीमों ने शुक्रवार को अपने-अपने मुकाबले जीतकर टूर्नामेंट में बेहतरीन आगाज किया।
श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया तीसरे संस्करण का पहला मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। आखिरी ओवर तक खिंचे इस मैच में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को दो विकेट से मात दे दी। स्थानीय प्रोविडेंस स्टेडियम में शुक्रवार को 136 रनों का पीछा कर रही न्यूजीलैंड की टीम को ब्रेंडन मैक्लम के रूप में पहला झटका उस समय लगा जब उसका खाता भी नहीं खुला था। इसके बाद वह जेसी राइडर के 42 रनों की बदौलत मैच में वापसी कर सकी।
वैसे इस मैच के असल हीरो रहे नाथन मैक्लम। बड़े भाई ब्रेंडन के शून्य के स्कोर पर पेवेलियन लौटने के बाद नाथन ही कीवी टीम की जीत के सूत्रधार बने। आखिरी ओर में न्यूजीलैंड को जीत के 10 रनों की जरूरत थी। कीवी टीम को एक ओवर में 10 रन लसिथ मलिंगा के गेंदों पर बनाने थे लेकिन नाथन मैक्लम ने इसे आसान बना दिया। कीवी टीम एक गेंद शेष रहते ही मैच दो विकेट से जीत गई। नाथन ने 6 गेंदों पर 16 रन बनाए।
इससे पहले बड़े नामों से सजी श्रीलंका ने 20 ओवरों में छह विकेट पर 135 रन बनाए। माहेला जयवर्धने ने शानदार 81 रनों की पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 51 गेंदों का सामना किया और आठ चौके व दो छक्के जड़े। मैच में एक विकेट चटकाने और बल्ले से कमाल दिखाने वाले नाथन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
उधर, एक अन्य मुकाबले में वेस्टइंडीज ने आयरलैंड को 70 रनों से पराजित कर दिया। मेजबान वेस्टइंडीज ने 20 ओवरों में नौ विकेट पर 138 रन बनाए। मेजबान टीम की ओर से डरेन सैमी ने सर्वाधिक 30 रन बनाए। आयरलैंड की ओर से जॉर्ज डॉकरेल ने तीन विकेट झटके।
आयरलैंड ने 139 रनों के लक्ष्य की पीछा करते हुए बेहद खराब शुरुआत की। 10 रनों के भीतर ही उसने दो अहम विकेट गवां दिए। उसकी लचर बल्लेबाजी का आलम यह रहा कि पूरी टीम 16.4 ओवरों में महज 68 रनों पर ढेर हो गई।
वेस्टइंडीज की ओर से सैमी और रवि रामपाल सबसे सफल गेंदबाज रहे। रामपाल ने 17 रन खर्च करके तीन विकेट झटके। उनके अलावा बल्ले में हाथ दिखाने वाले सैमी ने गेंदबाजी की और आयरलैंड के तीन विकेट चटकाए। सैमी को 'मैन ऑफ द' मैच चुना गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications