मीरपुर। भारत-बांग्लादेश सीरीज के तीसरे और अंतिम वन डे मैच में भारत ने बांग्लादेश को 77 रनों से हराकर अपनी नाक बचा ली है। हालांकि भारत यह मैच जीत गया लेकिन वो सीरीज हार गया।
बुधवार को खेले गये अंतिम वनडे में बांग्लादेश ने टॉस जीतकर इंडिया को पहले बल्लेबाजी करने का मौका दिया और भारत ने इस मौके को भूनाने में जरा भी कसर नहीं छोड़ी। भारतीय शेरों ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश के सामने 318 रनों का लक्ष्य रखा था।
भारत के स्टार बल्लेबाज रहे कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी (69), अंबाती रायडू (44) , शिखर धवन (75) और सुरेश रैना (38) जिनकी शानदार पारी के बदौलत भारत विशाल स्कोर खड़ा कर सका। इस मैच में भी धोनी ने नंबर चार पर बैटिंग की और आज उनका फैसला सही साबित हुआ।बांग्लादेश की ओर से मशरफे मुर्तजा ने सर्वाधिक तीन विकेट हासिल किए। पिछले दो मैचों में कुल 11 विकेट हासिल कर चुके मुस्ताफिजुर ने दो विकेट लिए।
भारत मैच जीता सीरीज हारा
भारत की ओर से दिये गये बड़े स्कोर को मेजबान टीम पूरा नहीं कर पायी और मात्र 47 ओवरों में धराशाही हो गई। आज के मैच के मैन ऑफ द मैच रहे सुरेश रैना। मैन ऑफ द सीरीज का खिताब मिला मुस्तफिजुर रहमान को, तो वहीं स्टाइलिश प्लेयर का अवार्ड शिखर धवन को दिया गया।