ट्वेंटी-20 विश्व कप : भारत 49 रनों से हारा (राउंडअप)
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए आस्ट्रेलिया ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 184 रन बनाए। जबाव में भारतीय टीम 17.4 ओवर में 135 रन बनाकर आउट हो गई।
विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। एक तरफ विकेट गिरते रहे लेकिन दूसरी तरफ रोहित शर्मा का संघर्ष जारी रहा। उन्होंने 46 गेंद पर नाबाद 79 रन बनाए जिसमें चार चौके और छह छक्के शामिल थे।
भारत को पहला झटका 10 रन के स्कोर पर लगा जब मुरली विजय दो रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद 12 रन के स्कोर पर गौतम गंभीर नौ रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। फिर बारी सुरेश रैना की थी जब वह पांच रन बनाकर आउट हुए उस समय टीम का स्कोर 17 रन था।
युवराज सिंह एक बार फिर असफल रहे और एक रन बनाकर चलते बने। उस समय टीम का स्कोर 23 रन था। टीम का स्कोर 37 रन था जब कप्तान महेंद्र सिंह धौनी भी मात्र दो रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद आउट होने की बारी यूसुफ पठान की थी वह भी एक रन बनाकर पेवेलियन लौट गए। उस समय टीम का स्कोर मात्र 42 रन पहुंचा था।
भारत का सातवां विकेट 50 रन के स्कोर पर गिरा जब रवींद्र जडेजा चार रन बनाकर रन आउट हो गए। इसके बाद हरभजन सिंह जरूर कुछ देर तक रोहित शर्मा का साथ निभाया लेकिन 97 के स्कोर पर वह भी 13 रन बनाकर आउट हो गए। हरभजन ने 11 गेंदों का सामना करते हुए एक चौका और एक छक्का लगाया।
जहीर खान ने भी थोड़ी देर विकेट पर रोहित शर्मा का साथ दिया लेकिन हार को टालने में नाकाम रहे। जब जहीर नौ रन बनाकर पेवेलियन लौटे तो भारत का स्कोर 133 रन था। इसके बाद रही-सही औपचारिकता 135 रन के स्कोर पर आशीष नेहरा के आउट होने के साथ पूरी हो गई। वह खाता भी नहीं खोल पाए।
आस्ट्रेलिया की तरफ से डिर्क नैन्स और शॉन टेट ने तीन-तीन व शेन वाटसन, मिशेल जानसन और स्टीवन स्मिथ ने एक-एक विकेट लिए।
आस्ट्रेलिया की तरफ से सबसे ज्यादा डेविड वार्नर ने सबसे ज्यादा 72 रन बनाए। उन्होंने 42 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके और सात छक्के लगाए। इसके अलावा शेन वाटसन ने 32 गेंदों पर धुआंधार 54 रन बनाए जिसमें एक चौका और छह छक्के शामिल थे। डेविड हसी ने भी 22 गेंदों पर 35 रन बनाए जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल थे। इसके अलावा ब्रेड हाडिन और माइक हसी आठ-आठ रन बनाकर आउट हुए।
भारत की तरफ से आशीष नेहरा और युवराज सिंह ने दो-दो व यूसुफ पठान ने एक विकेट हासिल किया।
इस मैच के लिए भारत ने तीन परिवर्तन किए थे। पीयूष चावला के स्थान पर रोहित शर्मा को टीम में शामिल किया गया था जबकि दिनेश कार्तिक की जगह गौतम गंभीर मैदान पर उतरे थे। चोटिल प्रवीण कुमार के स्थान पर जहीर खान को अंतिम-11 में शामिल किया गया था। आस्ट्रेलियाई टीम ने रेयान हैरिस की जगह मिशेल जानसन को टीम में जगह दी थी।
दोनों टीमों ने ग्रुप स्तर पर अजेय स्थिति बनाए रखा था। आस्ट्रेलिया ने जहां ग्रुप-ए में अपने दोनों मैच जीते थे वहीं भारत को ग्रुप-सी में पहला स्थान हासिल था। आस्ट्रेलिया ने अपने पहले ग्रुप मैच में मौजूदा चैम्पियन पाकिस्तान को 34 रनों से धूल चटाई थी। इसके बाद उसने ग्रुप की तीसरी टीम बांग्लादेश को पराजित किया था।
भारत ने अपने पहले ग्रुप मुकाबले में अफगानिस्तान को हराया था। इसके बाद उसने अपने दूसरे मुकाबले में सुरेश रैना के शानदार शतक की बदौलत शक्तिशाली दक्षिण अफ्रीका को भी पराजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications