अहमदाबाद। सोशल मीडिया और टीवी के इस दौर में लोकप्रियता पाना बड़ी चुनौती नहीं है, लेकिन आज से तकरीबन 50 साल पहले लोगों का प्यार पाने के लिए और उनके दिल में जगह बनाने के लिए आपको बहुत कड़ी मेहनत और संघर्ष करना पड़ता था। आज से 50 साल पहले क्रिकेट के मैदान पर भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सुनील गावस्कर ने अपना अंतरराष्ट्रीय करियर शुरू किया था। 6 मार्च 1971 को सुनील गावस्कर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला मैच खेला था। आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सुनील गावस्कर के 50 साल पूरे हुए हैं और तमाम क्रिकेट के दिग्गज गावस्कर को बधाई दे रहे हैं। क्रिकेट के मास्टर ब्लास्टर ने सचिन तेंदुलकर ने भी सुनील गावस्कर को अपने ही अंदाज में बधाई दी है और उन्हें अपना आदर्श बताया है।
सचिन तेंदुलकर ने ट्विटर पर सुनील गावस्कर की तस्वीर के साथ कैप्शन साझा किया है, जिसमे उन्होंने लिखा, मेरे आदर्श को मेरा सम्मान। सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट करके लिखा 50 साल पहले आज के ही दिन क्रिकेट की दुनिया में एक तूफान आया, उन्होंने डेब्यू सीरीज में 774 रन बनाए। हम सब जब बड़े हो रहे थे तो हमारे सामने एक हीरो था, जिसे देखकर हम बड़े हो रहे थे। भारत ने वेस्टइंडीज में सीरीज जीती और फिर इंग्लैंड में और फिर एकदम से भारत में खेल के नए मायने सामने आए।
गावस्कर के सम्मान में सचिन ने लिखा बतौर एक युवा लड़के के रूप में मुझे पता था कि कोई है जिसकी ओर मैं देख सकता हूं और उनकी तरह बनने की कोशिश कर सकता था। यह एहससा कभी नहीं बदला, वो आज भी मेरे हीरो हैं, सुनील गावस्कर जी आपको अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 50 साल पूरे होने पर बधाई। 1971 में टीम का हर कोई जो हिस्सा था उन्हें बधाई, आप सभी लोगों ने हमे गौरवान्वित किया और हमे रोशनी दिखाई। बता दें कि सुनील गावस्कर पहले भारतीय है जिन्होंने अपने डेब्यू सीरीज में 700 से अधिक रन बनाए थे।