नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के नए कप्तान एरोन फिंच पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली जाने वाली वनडे सीरीज से पहले एक बड़ी मुसीबत आ गई है। एरोन फिंच को ये मुसीबत किसी और ने नहीं बल्कि उन्हीं के एक टीम मेट ने दी है। दरअसल, एरोन फिंच के हाथ में चोट लग गई है। इस वजह से एरोन फिंच परेशान हैं कि शायद वह प्रोटियाज टीम के खिलाफ पहला वनडे ना खेल पाएं।
एरोन फिंच को लगी ये चोट उनको बार-बार डरा रही है। बता दें कि हाल ही में ऑस्ट्रेलिया को पाकिस्तान के हाथों टेस्ट और टी20 सीरीज में मात मिली है। इसके बाद एरोन फिंच को वनडे टीम की कप्तानी मिली है। वैसे भी बॉल टैंपरिंग के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम हार पर हार झेलती चली आ रही है। ऐसे में साउथ अफ्रीका की टीम का ऑस्ट्रेलिया दौरा फिंच की टीम के लिए अहम रहने वाला है।
वनडे सीरीज से पहले लगी चोट
साउथ अफ्रीका को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 3 वनडे और 1 टी20 मैच की सीरीज खेलनी है। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया का सामना भारतीय टीम से टी20, टेस्ट और वनडे में होगा। बहरहाल, फिंच को शुक्रवार की सुबह ट्रेनिंग सेशन के दौरान मिचेल स्टार्क की एक तेज गेंद लगी थी। इसके तुरंत बाद फिंच ने बैट छोड़ अपना ग्लव्स निकाला और अपनी उंगली को पकड़कर बैठ गए।
इस बारे में ऑस्ट्रेलिया टीम के डॉक्टर और फीजियो रिचर्ड शॉ ने बताया कि उन्होंने चोट के बाद मैदान छोड़ दिया। फीजियो के मुताबिक उंगली पर बर्फ रख दी गई है और आगे देखते क्या होता है। अभी भी इंजरी से जुड़ी कोई खबर सामने नहीं आई है कि क्या वह रविवार को पर्थ में खेले जाने वाले पहले वनडे का हिस्सा होंगे?