INDvsSA: उंगली की चोट के चलते पहले तीन एकदिवसीय मैचों से बाहर हुए डिविलियर्स
नई दिल्ली। भारत के खिलाफ छह एकदिवसीय मैचों की सीरीज के शुरुआती तीन मैचों से दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज एबी डिविलियर्स बाहर हो गए हैं। ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए क्रिकेट की दुनिया में मशहूर डिविलियर्स के दाएं हाथ की तर्जनी अंगुली में चोट है। इसी चोट के चलते उन्हें एक फरवरी से शुरू हो रही सीरीज के पहले तीन एकदिवसीय मैचों से हटना पड़ा है। एक फरवरी को छह वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला डरबन में खेला जाना है। सीरीज के पहले तीन मैचों से स्टार बल्लेबाज एबी डिविलियर्स का ना खेल पाना मेजबान दक्षिण अफ्रीका के लिए बड़ा झटका है।
क्रिकेट साउथ अफ्रीका के मुताबिक डिविलियर्स को भारत के खिलाफ जोहानिसबर्ग में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के दौरान उंगली में चोट लगी, जिसे ठीक होने में दो सप्ताह का वक्त लगेगा। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथा एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबला 10 फरवरी को वांडरर्स में खेला जाएगा। दक्षिण अफ्रीकी टीम के मैनेजमेंट को उम्मीद है कि इस मुकाबले तक डिविलियर्स फिट हो जाएंगे और अपनी टीम के लिए मैदान पर उतरेंगे। डिविलियर्स दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजो में शुमार हैं। उनके नाम पर 225 वनडे मैचों में में कुल 9515 रन दर्ज हैं।
आपको बता दें कि भारत की टीम इस समय दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर हैं। हाल ही में खत्म हुई टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि भारत के लिए राहत की बात ये रही है कि पहले दो मैच हारने के बाद तीसरे मैच में भारत ने शानदार वापसी की और जोहानिसबर्ग टेस्ट में उसने साउथ अफ्रीका को 63 रन से हरा दिया। तीसरे टेस्ट में मिली जीत के बाद बढ़े आत्मविश्वास के साथ टीम इंडिया एकदिवसीय सीरीज में उतरेगी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
