कोलंबो। भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में भारत बेहद ही मजबूत स्थिति में पहुंच गया है। तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने पहली में मिली 309 रनों की बढ़त को 498 का कर लिया है। जी हां, दरअसल दूसरी पारी में भारत ने तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट खोकर 189 रन बनाए। पहली पारी में फ्लॉप रहने वाले भारतीय ओपनर अभिनव मुकुंद ने कप्तान विराट कोहली के साथ मिलकर शानदार बल्लेबाजी की। मुकुंद ने दूसरी पारी में 81 रनों की पारी खेली।
लोकेश राहुल की जगह मिला था मुकुंद को मौका
अब मुकुंद की ये पारी कप्तान विराट कोहली के लिए सिर दर्द बन गई है। गौरतलब है कि अभिनव मुकुंद को श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में बुखार से पीड़ित लोकेश राहुल की जगह टीम में मौका दिया गया। अभिनव मैच की पहली पारी में तो फ्लॉप रहे और सिर्फ 12 रन ही बना पाए लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने कप्तान कोहली के साथ शतकीय साझेदारी करने के अलावा 81 रन बनाए।
पढ़ेंः- भारत बनाम श्रीलंका पहले टेस्ट मैच के लाइव अपडेट
तो लोकेश राहुल होंगे कोहली की पसंद?
बल्ले से प्रभावित करने वाले मुकुंद ने कोहली का सिरदर्द इसलिए भी बढ़ा दिया है क्योंकि वायरल बुखार की वजह से पहले टेस्ट मैच से बाहर रहे लोकेश राहुल फिट होकर टीम के साथ जुड़ गए हैं। अब ऐसे में कोहली के लिए ये तय कर पाना मुश्किल होगा कि श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में किसे ओपनिंग के लिए शामिल किया जाए।
हालांकि देखा जाए तो अगले मैच में कोहली की पहली पसंद लोकेश राहुल हो सकते हैं। क्योंकि अभिनव मुकुंद ने श्रीलंका की प्रसीडेंट इलेवन के खिलाफ अभ्यास मैच में भी अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था और न ही पहले टेस्ट की पहली पारी में। लेकिन उन्होंने दूसरी पारी में अच्छा प्रदर्शन कर ये जता दिया कि उनके अंदर भी क्षमता है। देखना दिलचस्प होगा कि कप्तान कोहली अगले मैच में अभिनव या लोकेश राहुल को टीम में शामिल करते हैं?