वेबसाइट 'क्रिक इंफो डॉट कॉम' के मुताबिक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार इस श्रृंखला के मैच त्रिनिदाद के क्वींस पार्क ओवल में खेले जाने थे लेकिन त्रिनिदाद एवं टोबैगो में होने वाले आम चुनावों के मद्देनजर इन्हें रिचर्ड्स स्टेडियम में कराने का फैसला किया गया।
वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान सर विवियन रिचर्ड्स के नाम पर तैयार इस स्टेडियम पर पिछले वर्ष अंतर्राष्ट्रीय मैच कराने पर प्रतिबंध लगा दिया था। खराब पिच के कारण पिछले वर्ष इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए टेस्ट मैच में सिर्फ तीन गेंदें फेंकी जा सकी थीं।
इसके बाद इस मैच पर कई अंडर-15 और प्रथम श्रेणी मैच कराए गए। पिच को फिर से तैयार किया गया। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद से इजाजत मिलने के बाद ही इस मैदान पर अंतर्राष्ट्रीय मैच कराने का फैसला किया है।
दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच 19 मई से 30 जून तक दो ट्वेंटी-20 मैचों, पांच एकदिवसीय और तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेली जाएगी। दक्षिण अफ्रीकी टीम ट्वेंटी-20 विश्व कप के लिए वेस्टइंडीज पहुंच चुकी है। विश्व कप का आयोजन 30 अप्रैल से 16 मई तक होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।