पाकिस्तान क्रिकेट टीम के आलराउंडर और टी-20 के कप्तान शाहिद ख़ान आफ़रीदी को एशिया कप और इंग्लैंड दौरे के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष एजाज़ बट ने इसकी घोषणा की है.
उन्होंने कहा कि टी-20 विश्व-कप के दौरान आफ़रीदी को सारे खिलाड़ियों का भरोसा हासिल रहा और इसी कारण उन्हें कप्तानी की ज़िम्मेदारी सौंपी गई.
याद रहे कि पाकिस्तानी क्रिकेट में इंज़मामुल हक़ के बाद किसी भी कप्तान को सारे खिलाड़ियों का पूरा समर्थन हासिल नही रहा और कई बार खिलाड़ियों ने अपने कप्तान की शिकायत भी की.
एजाज़ बट ने कहा, "खिलाड़ियों में तालमेल क़ायम रखना और उनका समर्थन पाना और खेल के नियमों की पाबंदी करना एक कप्तान की ख़ासियत होती है और आफ़रीदी ने अपनी यह सब कुछ किया है."
पीसीबी अध्यक्ष ने बताया की संभावित 30 खिलाड़ियों के नाम की घोषणा अगली बोर्ड की अगली बैठक में की जाएगी.
एशिया कप 15 जून से 25 जून तक श्रीलंका में खेला जा रहा है. जबकि इंग्लैंड के विरुद्ध श्रृंखला जुलाई और अगस्त के बीच इंग्लैंड में खेली जाएगी.
सूत्रों का कहना है कि आफ़रीदी ने पाकिस्तान के मध्यक्रम के बल्लेबाज़ मोहम्मद यूसुफ़ से आग्रह किया है कि वे अपने रिटायरमेंट पर फिर से विचार करें क्योंकि वह पाकिस्तान के सीनियर खिलाड़ियों की टीम में मौजूदगी चाहते हैं.
आफ़रीदी ने ये भी कहा है कि वह अपनी गेंदबाज़ी पर और ज़्यादा ध्यान देना चाहते हैं.
आफ़रीदी को विस्फोटक और आक्रामक बल्लेबाज़ के रूप में जाना जाता है लेकिन उनका रिकार्ड, वनडें और टी-20 से ज़्यादा टेस्ट मैचों में अच्छा है.
जानकारों का कहना है कि पाकिस्तानी क्रिकेट टीम एक समय से विवाद और प्रतिबंध का शिकार है और ये अच्छा मौक़ा है कि टीम उससे उबर सके.
पाकिस्तानी टीम हालांकि ऑस्ट्रेलिया से टी-20 के सेमीफ़ाइनल में हार गई लेकिन अच्छे प्रदर्शन से टीम का मनोबल ऊंचा हुआ.