नई दिल्ली। पाकिस्तानी क्रिकेट खिलाड़ी हमेशा किसी न किसी मुसीबत में फंसते रहते हैं। ताजा मामले में युगांडा में टी-ट्वेंटी लीग खेलने गए लगभग 20 पाकिस्तान खिलाड़ी भुगतान के मामले को लेकर वहां ही फंस गए हैं। वहां पर ये खिलाड़ी अपने क्रिकेट बोर्ड की इजाजत लेकर खेलने के लिए गए थे। इनमें सईद अजमल, इमरान फरहत और यासिर हमीद जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल हैं।
Alhumdulilah we are all safe and happy. Chilling in East Africa if any doubt go figure pic.twitter.com/M0GcSvrUHG
— Saeed Ajmal (@REALsaeedajmal) December 21, 2017
दरअसल, इन खिलाड़ियों को युगांडा की राजधानी कम्पाला में टी-20 लीग खेलने के लिए गए थे। वहां पर पहुंचने के बाद आयोजकों ने भुगतान करने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्य स्पांसर टूर्नामेंट से हट गया है, जिसकी वजह वो भुगतान नहीं कर पाएंगे। जिसके बाद खिलाड़ी परेशान हो गए।
एक खिलाड़ी ने बताया, 'हमें जब पता चला कि मुख्य स्पांसर के टूर्नामेंट से हट जाने के बाद हमें अपनी फीस नहीं मिलेगी, तो हमने वहां से तुरंत वापस लौटने का फैसला किया। लेकिन, एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद हमें पता चला कि आयोजकों ने टिकट जारी करने वाली ट्रैवल एजेंसी को भी पैसे नहीं दिए हैं। उसके बाद फिर हमें वापस होटल लौटना पड़ा।'
खिलाड़ियों ने कहा कि इसके बाद उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और पाकिस्तानी दूतावास से संपर्क किया। अब वे लोग वापस पाकिस्तान लौट रहे हैं। उन्होंने बताया कि हमें उम्मीद है कि शनिवार तक पाकिस्तान पहुंच जाएंगे। हमारे लिए यह बहुत ही खराब अनुभव रहा। यहां हम पैसा कमाने आए थे, लेकिन हमें अपनी जेब से पैसा देना पड़ा है। पीसीबी का इस मामले पर कहना है कि वह इस पूरे मामले की जांच कर रहा है। इसके बाद वो उचित एक्शन लेगा।