सर्जरी के बाद फिंच हुए लंबे समय तक क्रिकेट से बाहर, सामने है T20 WC में खेलने की बड़ी चुनौती
नई दिल्लीः ऑस्ट्रेलिया के सीमित ओवर के कप्तान एरोन फिंच के लिए बहुत अच्छा समय नहीं चल रहा है क्योंकि वह अपने स्वास्थ्य मुद्दों से जूझ रहे हैं। अब उनके घुटनों में एक समस्या हो गई है। घुटने के जॉइंट में दो बड़ी हड्डियों के बीच में जो नरम गद्दी लगी होती है उसको मेडिकल भाषा में कार्टिलेज बोलते हैं। यह कार्टिलेज कई बार टूट भी जाता है और तब एक एथलीट का प्रदर्शन गिरता जाता है।
एरोन फिंच को इसी तरह की तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि उनके घुटने का कार्टिलेज थोड़ा टूट गया है। एरोन फिंच को यह सब दिक्कत तब हुई जब वे वेस्टइंडीज के खिलाफ खेल रहे थे। अब एरोन फिंच की चोट के ऊपर एक अपडेट आई है कि उनको लंबे समय के लिए क्रिकेट से बाहर रहना पड़ेगा। दरअसल जब एरोन फिंच ने वेस्टइंडीज से आने के बाद अनिवार्य क्वॉरेंटाइन पीरियड पूरा कर लिया तब उनको ऑस्ट्रेलिया में 12 अगस्त 2021 को एक सर्जरी से गुजरना पड़ा। इस तरह की चोट में खिलाड़ियों के लिए सर्जरी से ही काम चलता है।
सर्जरी से ठीक पहले फिंच ने इस बात की जानकारी दी थी कि वे जल्द ही घुटने की सर्जरी से गुजरने वाले हैं। बाद में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी बताया कि सर्जरी ठीक ठाक रही है और टीम के कप्तान रिकवरी की रास्ते पर हैं जिसमें कम से कम 10 सप्ताह लग जाएंगे। ऐसे में फिंच के सामने यह चुनौती है कि वे T20 वर्ल्ड कप से पहले किसी भी तरह फिट होकर खेलने की स्थिति में आ सकें। फिंच को निश्चित तौर पर समय के खिलाफ दौड़ लगानी होगी। वैसे यह काम काफी टेढ़ा नजर आ रहा है क्योंकि T20 वर्ल्ड कप 2021, 17 अक्टूबर से शुरू हो जाएगा जबकि फिंच की 10 सप्ताह की रिकवरी 21 अक्टूबर तक का समय ले लेगी।
ऑस्ट्रेलिया के मैच शायद 24 अक्टूबर से शुरू होंगे जो कि सुपर 12 स्टेज में खेले जाएंगे। देखते हैं फिंच टीम में जगह बना पाते हैं या फिर नहीं। जहां तक ऑस्ट्रेलिया की बात है तो वो T20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के ग्रुप में है। साथ ही बाकी बची 2 टीमें भी खेलेंगे जो क्वालीफाई करेंगी। फिंच को वेस्टइंडीज के खिलाफ T20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में ही यह चोट लग गई थी लेकिन वह किसी तरह टीम की कप्तानी के लिए खड़े रहे। हालांकि उनको बाद में दर्द हुआ और तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज से बाहर हो गए जिसके बाद एलेक्स कैरी को कप्तान घोषित किया गया।
ऑस्ट्रेलिया ने T20 सीरीज में बुरी तरह मात खाई थी लेकिन वनडे सीरीज जीत गया था। यानी फिंच कप्तानी के मोर्चे पर भी मात खा बैठे। उन्होंने हाल में ही एक बातचीत में बताया था कि उनको घुटने में कभी कोई तकलीफ ही नहीं रही और ट्रेनिंग सेशन के दौरान उनको थोड़ी सी चोट लगी। ऐसा भी नहीं है कि यह चोट किसी और इंसान को लगती तो वह सर्जरी ही कराता लेकिन खिलाड़ियों के लिए यह जरूरी हो जाता है क्योंकि फिंच बताते हैं कि जब वे ट्रेनिंग कर रहे थे, भागकर रुक रहे थे, मुड़ रहे थे तब तब घुटने में दिक्कत महसूस होती थी। इसके चलते उनको स्कैन करना पड़ा और यह स्कैन वेस्टइंडीज में ही हुआ। जहां पर पता चला कि उनका कार्टिलेज टूट गया है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
