नई दिल्ली: टी 20 प्रारूप में पहले ही विकेटकीपर बल्लेबाज सरफराज अहमद को रिप्लेस कर चुके पाकिस्तान के कप्तान और शीर्ष बल्लेबाज बाबर आजम अब वनडे टीम में भी कमान संभालने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।
युवा आजम को राष्ट्रीय एकदिवसीय टीम का कप्तान बनाया जाना तय है। अक्टूबर में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने सरफराज को एक आश्चर्यजनक फैसले में टेस्ट और टी 20 टीम से बाहर कर दिया, जबकि अजहर अली को लंबे प्रारूप के लिए और बाबर को टी20 के लिए कप्तान बनाया।
लेकिन पीसीबी ने एकदिवसीय प्रारूप के लिए कप्तान का नाम नहीं बताया था।
हालांकि पीसीबी के लिए सरफराज को हटाने की खबरों की बीच आलोचकों ने अपनी बातें कही हैं।
एक आलोचक ने कहा, "सरफराज ने 50 ओवरों के प्रारूप में एक बल्लेबाज और कीपर के रूप में भी अच्छा प्रदर्शन किया है और पिछले साल लगभग 32 की औसत से बल्लेबाजी की है।"
सरफराज की वनडे कप्तान के रूप में सबसे बड़ी उपलब्धि 2017 के ICC चैंपियंस ट्रॉफी खिताब के लिए पाकिस्तान का नेतृत्व करना था, जिसमें फाइनल में कट्टर प्रतिद्वंद्वी भारत को हराकर खिताब जीतना शामिल था।
इसी बीच पाक के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर मोहसिन खान ने कहा, "तीनों प्रारूपों के लिए कप्तान के रूप में सरफराज पर दबाव था लेकिन वह अभी भी सफेद गेंद के लिए आदर्श विकल्प हैं।"
सरफराज इस समय टीम से बाहर हैं और मुख्य कोच और मुख्य चयनकर्ता मिस्बाह-उल-हक ने बार-बार कहा है कि अगर सरफराज ने घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया, जिसमें पाकिस्तान सुपर लीग शामिल है, तो वह राष्ट्रीय टीम में वापसी कर सकते हैं।