कोलकाता और राजस्थान ने जीते मैच
आईपीएल के लीग मैचों में बुधवार को राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने अपने मैच जीत लिए हैं.
कोलकाता ने जहां दिल्ली डेयरडेविल्स को एक रोमांचक मैच में 14 रनों से हराया वहीं राजस्थान ने पंजाब किंग्स एलेवन को नौ विकेटों से आसानी से हरा दिया.
कोलकाता- दिल्ली मैच
कोलकाता ने दिल्ली के ख़िलाफ़ पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित ओवरों में 181 रनों का स्कोर खड़ा करने में सफलता प्राप्त की.
दिल्ली के ख़िलाफ़ बेहतरीन शुरुआत करते हुए कप्तान गांगुली और क्रिस गेल ने पहले विकेट की साझेदारी में 94 रन जोड़े. आईपीएल के तीसरे संस्करण में दिल्ली के ख़िलाफ़ किसी भी टीम की यह सबसे अच्छी शुरुआत थी.
गांगुली ने जहां 46 गेंदों में 56 रन बनाए वहीं गेल ने 21 गेंदों में 40 रन बनाकर अच्छा योगदान दिया.
आखिरी ओवरों में मैथ्यूज़ ने भी अच्छी बल्लेबाज़ी की और 28 गेंदों में 46 रन बनाए जबकि मनोज तिवारी ने 18 गेंदों में 26 रनों का योगदान किया.
इस स्कोर के जवाब में दिल्ली की शुरुआत ही ख़राब रही और वार्नर बिना खाता खोले पहले ही ओवर में बोल्ड हो गए.
इसके बाद सहवाग और गंभीर ने ज़बर्दस्त बल्लेबाज़ी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 99 रन जोड़े. इस स्कोर पर गंभीर आउट हो गए जिन्होंने 29 गेंदों में 47 रन बनाए.
दूसरे छोर पर सहवाग ने 40 गेंदों में तीन छक्के और छह चौकों की मदद से 60 रन बनाए.
सहवाग के आउट होने के बाद दिल्ली की टीम के बल्लेबाज़ कुछ ख़ास नहीं कर पाए और दबाव में जल्दी जल्दी आउट होने लगे.
पूरी टीम आठ विकेट पर 167 रन ही बना सकी और हार गई.
राजस्थान बनाम पंजाब
पंजाब के लिए ये मैच जीतना ज़रुरी था लेकिन मैच में राजस्थान ने पकड़ बना ली और नौ विकेट से जीत दर्ज़ की.
पंजाब ने पहले बल्लेबाज़ी की लेकिन उनके बल्लेबाज़ बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब नहीं रहे. पंजाब ने राजस्थान के समक्ष जीत के लिए 154 रनों का लक्ष्य रखा जिसे राजस्थान ने मात्र एक विकेट खोकर पूरा कर लिया.
सलामी बल्लेबाज़ बिस्ला और जयवर्धने ने 29 रन जोड़े जिसके बाद बिस्ला आउट हो गए. बिस्ला ने 20 रन बनाए जबकि जयवर्धने ने 44 रनों का योगदान दिया.
युवराज सिंह भी कुछ ख़ास नहीं कर पाए और उन्होंने 16 गेंदों में 28 रन बनाए जबकि इरफ़ान पठान ने 24 रन बनाए.
इसके जवाब में राजस्थान की तरफ से पारी की शुरुआत मार्टिन लुंब ने मात्र 43 गेंदों में 83 रन बना दिए जिसके बाद जीत बिल्कुल आसान हो गई.
लुंब ने दो छक्के और छह 16 चौके लगाए. लुंब के साथ पिच पर नमन ओझा ने 37 गेंदों में 44 रन बनाए. पहले विकेट की साझेदारी में 109 रन बने.
जिसके बाद बल्लेबाज़ी करने आए युसुफ़ पठान जिन्होंने 13 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 23 रन बनाए और 30 गेंदें बाकी रहते जीत दर्ज़ कर ली.
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
