सिडनी। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली विश्वकप के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को धूल चटाने के लिए पूरी तरह कमर कस चुके हैं। विराट कोहली ने कहा कि इस विश्वकप को जीतने से महज 2 कदम दूर टीम इंडिया कुछ ऐसा करेगी जो भारत के क्रिकेट इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ।
सिडनी मैच से ठीक पहले कोहली आत्मविश्वास से लबरेज हैं। उन्होंने कहा कि टीम इंडिया इस बार इतिहास बनाने वाली है। उन्होंने कहा कि विश्वकप सेमीफाइनल और फाइनल के लिए सिडनी और मेलबर्न से बेहतर कुछ नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि मुंबई के वानखेड़े में जो समर्थन दर्शकों का मिलता था उससे कहीं बेहतर इन दोनों मैदानों पर भारत को मिलता है। 2011 विश्वकप के फाइनल में जो माहौल वानखेड़े में मिला वहीं समर्थन भारत को मेलबर्न में मिलेगा।
कोहली ने कहा कि अगर भारत विश्वकप के फाइनल में पहुंचता है तो मेलबर्न का मैदान जिसकी क्षमता 900000 हजार है पूरा खचाखच भरा होगा। उन्होंने कहा कि मेलबर्न में भारत दक्षिण अफ्रीका के मैच में लोगों ने भारी संख्या में भारत का समर्थन किया जो कि काफी रोमांचक है। उन्होंने कहा कि जब हम फाइनल में पहुंचेगे तो मैं आपको भरोसा दे सकता हूं कि मैदान में एक भी सीट खाली नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि इतिहास रचने के लिए हमारे पास यह बेहतरीन मौका है।