नई दिल्ली। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज अजिंक्या रहाणे ने अपनी तुलना अन्य खिलाड़ियों से किये जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वो एबी डिविलियर्स नहीं बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि छोटे फॉर्मेट के चलते मेरे बैटिंग स्टाइल में कोई बदलाव नहीं आयेगा।
रहाणे ने कहा कि डिविलियर्स की तरह से अजीबोगरीब शॉट्स नहीं खेल सकता। उन्होंने कहा कि जिस तरह से मैंने आईपीएल में बल्लेबाजी की है वह थोड़ी आसान लग सकती है लेकिन मेरा मानना है कि मैं उसी तरह की बल्लेबाजी करना चाहता हूं जो मुझे सूट करती हो।
अभी तक आईपीएल में रहाणे ने कुल 419 रन बनाये हैं। उनका स्ट्राइक रेट 127 का है। रहाणे ने कहा कि मैं किसी की कॉपी नहीं करता हूं, मेरा बल्लेबाजी करने का अपना अंदाज है। सीधे बल्ले से खेलना और पूर्ण रूप से क्रिकेटिंग शॉट्स खेलना मेरे लिए अच्छा साबित हुआ है। मुझे इसमें किसी भी तरह के बदलाव की जरूरत महसूस नहीं होती है।
हालांकि रहाणे ने कहा कि वह हर रोज कुछ नया सीख रहे हैं वह अलग तरह के शॉट्स खेलने की क्षमता रखते हैं। रहाणे ने कहा कि वह हर रोज ध्यान करते हैं जो उन्हें काफी मदद करता है। बल्लेबाजी करते समय रहाणे नॉन स्ट्राइकर एंड पर होते हैं तो गहरी सांसे लेते हैं।
रहाणे अपने आपको शांत और स्थिर रखने के लिए ध्यान और योग का सहारा लेते हैं। वह स्वामी पार्थस्वामी के भी संपर्क में हैं जोकि विख्यात वेदांत के जानकार हैं। रहाणे ने बताया कि उनके कोच प्रवीन आमरे मुझे स्वामी पार्थसारथी के पास ले गये थे। उन्होंने मुझसे क्रिकेट नहीं बल्कि जीवन के पहलुओं के बारे में बात की। उनके एक सुझाव कुछ पाने के लिए सबकुछ खोना पड़ता है को मैं जीवन में उतारने की कोशिश कर रहा हूं।
स्वामी पार्थस्वामी ने कहा कि जीव में कुछ पाने की तमन्ना है तो उसको पहले खोना पड़ता है, उसे भूल जाओ और उसके बारे में ज्यादा सोचो मत। रहाणे ने कहा कि वह शर्मीले नहीं है, मैं खुद को अभिव्यक्त करता हूं। मैं खुद को परफार्मेंस, के जरिए अभिव्यक्त करता हूं जोकि मेरा आत्मविश्वास बढ़ाती है।
रहाणे ने कहा कि वह कभी तुलना में विश्वास नहीं रखते हैं। मुझे इस बात पर गर्व है कि विराट कोहली इतनी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। लेकिन मेरी पहली प्राथमिकता रहती है खुद की पर्फारमेंस को सुधारना। कोहली की बल्लेबाजी करने की अपनी तकनीक है जबकि मेरा अपना तरीका है। लेकिन हम दोनों का लक्ष्य एक है टीम इंडिया की जीत और हम दोनों इसके लिए काफी मेहनत कर रहे हैं।