'ICC के नये नियमों से गेंदबाजों की हालत हो जायेगी खस्ता', क्रिकेट में Racism पर जानें क्या बोली KKR
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के बीच दुनिया भर में क्रिकेट ठप्प पड़ा हुआ है, इस बीच क्रिकेट को दोबारा शुरु करने के लिये आईसीसी ने हाल ही में कुछ नये नियम बनाये हैं, जिसको लेकर दोहरी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। आईसीसी ने कोरोना वायरस के बीच दोबारा क्रिकेट को शुरु करने के लिये मैच के दौरान गेंद को चमकाने के लिये सलाइवा (थूक) के इस्तेमाल पर रोक लगाने की बात की है। इस नियम के चलते गेंदबाज के पास रिवर्स स्विंग कराने का मौका खत्म हो जायेगा। इतना ही नहीं आईसीसी ने इस नियम के पालने के लिये गेंदबाजों पर सख्ती दिखाते हुए कहा कि अगर कोई खिलाड़ी मैच के दौरान सलाइवा का इस्तेमाल करता दिखाई देता है तो उस पर 5 रनों की पेनाल्टी लगायी जायेगी।
और पढ़ें: अगर बिना विदेशी खिलाड़ियों के हुआ IPL तो क्या तैयार है KKR, जानें क्या मिला जवाब
आईसीसी की ओर से इन नये नियमों पर दुनिया भर के तेज गेंदबाजों ने चिंता जताते हुए कहा है कि इसके चलते क्रिकेट में बैलेंस बिगड़ जायेगा और गेंदबाजी की तुलना में बल्लेबाजी ज्यादा हावी हो जायेगी। इस बीच केकेआर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वैंकी मैसूर ने क्रिकेट में रेसिज्म के मुद्दे पर भी अपने विचार रखे।
और पढ़ें: Cyclone अम्फान और कोरोना के खिलाफ KKR ने शुरू किया नया अभियान, लॉन्च किया सहायता वाहन

गेंदबाजों की हालत हो जायेगी खस्ता
आईसीसी की ओर से लगाये गये सलाइवा बैन पर बात करते हुए कोलकाता नाइट राईडर्स के कप्तान दिनेश कार्तिक ने कहा कि इससे गेंदबाजों की हालत खस्ता होने वाली है। दिनेश कार्तिक ने यह बयान गुरुवार को अम्फान और कोरोना वायरस से पीड़ित पश्चिम बंगाल के नागरिकों की सहायता के लिये लॉन्च किये गये केकेआर सहायता वाहन के मौके पर कहा।
माई खेल से बात करते हुए कार्तिक ने कहा,' आईसीसी की ओर से जारी किये गये यह नियम गेंदबाज के लिये किसी बुरे सपने से कम नहीं है, हालांकि नई गेंद बदलने की सीमा को कम करने से कुछ राहत तो होगी लेकिन यह बिल्कुल साफ है कि इससे बल्लेबाजों का पलड़ा भारी हो जायेगा। गेंदबाजों की हालत खस्ता होने वाली है।'

क्रिकेट में Racism के सवाल पर बचते नजर आये KKR हेड वेंकी
उल्लेखनीय है कि इस दौरान कोलकाता नाइट राईडर्स के मुख्य कार्यकारी निदेशक वैंकी मैसूर से डैरेन सैमी की ओर से उठाये गये नस्लवाद के मुद्दे पर सवाल किया गया तो वह इस पर कुछ भी बोलने से बचते नजर आये। दरअसल कोलकाता नाइट राईडर्स की टीम पिछले कुछ समय में आईपीएल के दौरान कैरिबियाई खिलाड़ियों का गढ़ रही है। इतना ही नहीं कैरिबियन प्रीमियर लीग में केकेआर ने त्रिनिदाद की एक टीम भी खरीदी है, तो ऐसे में उनकी प्रतिक्रिया लेना जरूरी था।
इस मुद्दे पर वेंकी ने कहा,' नस्लवाद गलत है, इसे नहीं होना चाहिये, फिर चाहे वो खेल हो या फिर आम जिंदगी। हालांकि डैरेन सैमी के मुद्दे पर मैं कुछ भी नहीं कह सकता क्योंकि मुझे इस बारे में पूरी बात नहीं पता, ऐसे में कुछ भी बोलना गलत होगा। केकेआर में हमेशा से सभी को बराबर सम्मान देने की परंपरा रही है और यही कारण है कि हमने वो प्यार सीपीएल में भी हासिल किया है।'

IPL के लिये कितनी तैयार है केकेआर
गौरतलब है कि केकेआर की टीम ने गुरुवार को एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा आईपीएल के भविष्य और आईसीसी की ओर से बदले गये नियमों को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी थी, जिसके दौरान उन्होंने बताया कि अगर आईपीएल 2020 का आयोजन बिना विदेशी खिलाड़ियों के कराया जाये तो केकेआर की टीम कितनी तैयार है।
उन्होंने कहा,' इसमें कोई शक नहीं कि मरीन, रसेल, इयान मोर्गन, पैट कमिंस जैसे धुरंधर विदेशी खिलाड़ियों के बिना टूर्नामेंट कठिन हो जायेगा लेकिन हमारे भारतीय खिलाड़ी भी किसी से कम नहीं हैं। हालांकि कोरोना वायरस के बाद हम मजबूती से वापसी करेंगे और ऐसे हालात के लिये टीम तैयार है।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
