पांच ओवर की समाप्ति तक मेजबान टीम ने बिना कोई विकेट खोए 26 रन बना लिए हैं। कप्तान क्रिस गेल 18 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि शिवनारायण चंद्रपॉल ने पांच रन बनाए हैं।
पिच गीली होने के कारण मैच आधा घंटा विलंब से शुरू हुआ। टॉस से ठीक पहले अचानक आई बारिश ने पिच को गीला कर दिया था। इसके बावजूद मैच को 20-20 ओवरों का कराने का फैसला किया गया। बारबाडोस में बादलों का डेरा है, इस कारण मैच में आगे भी बारिश की संभावना जताई गई है।
दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला अहम है। दोनों टीमें सुपर-8 दौर में अपना-अपना पहला मैच हार चुकी हैं। भारत को सात मई को आस्ट्रेलिया के हाथों 49 रनों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।
दूसरी ओर मेजबान टीम को श्रीलंका ने इसी दिन 57 रनों से पराजित किया था। इस लिहाज से सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए दोनों टीमों के लिए 'करो या मरो' की स्थिति है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।