नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की उपकप्तान एलेक्स ब्लैकवेल ने सोमवार को अचानक अंतरराष्ट्रीय और राज्य क्रिकेट से संन्यास ले लिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे अधिक मैच खेलने वाली महिला खिलाड़ी एलेक्स ब्लैकवेल ने 2003 में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में ऑस्ट्रेलिया की ओर से डेब्यू किया था। 34 साल की ब्लैकवेल ने देश के लिए तीनों प्रारूपों में 251 मैच खेले।
एलेक्स ब्लैकवेल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तीनों प्रारूपों टेस्ट, वनडे और टी-20 में 5000 रन से अधिक बनाने वाली सिर्फ चौथी ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेटर हैं। उनके नाम कुल 5250 रन दर्ज हैं। ब्लैकवेल की अगुआई में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज में 2010 में आईसीसी टी-20 विश्व कप जीता। वह 2012 और 2014 में विश्व टी-20 और 2005 तथा 2015 में एकदिवसीय विश्व कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम की सदस्य भी रहीं।
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम जल्द ही भारत का दौरा करने वाली है। अनुभवी ब्लैकवेल का क्रिकेट से संन्यास लेना ऑस्ट्रेलिया के लिए झटका है। हालांकि ब्लैकवेल ने कहा है कि वह बिग बैश लीग में सिडनी थंडर की ओर से खेलती रहेंगी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एलेक्स ब्लैकवेल के हवाले से बताया, 'मैं समझती हूं कि ऐसे समय में क्रिकेट को अलविदा कहना बेहतर है, जब मैं अपने करियर के सबसे अच्छे फॉर्म में हूं।'
This was my best ever performance with the bat for Australia. Being a part of a world record 10th wicket partnership with @DJbimmy is one of my all time proudest moments. She was the rock! I’m sad to say goodbye to my Aus teammates. Wishing them luck for the India tour in March https://t.co/GDXiaouTlV
— Alex Blackwell (@AlexBlackwell2) February 19, 2018