कुमार संगाकार की रातों की नींद उड़ा दी थी कुंबले ने, वसीम अकरम बोले- उन्हें खेलना बहुत मुश्किल
नई दिल्ली। दिग्गज लेग स्पिनर अनिल कुंबले ने अपने करियर में कई दुनिया के महान बल्लेबाजों को अपनी फिरकी से परेशान किया है। हाल ही में अनिल कुंबले को आईसीसी हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया है। इस मौके पर आईसीसी की ओर से एक वीडियो जारी किया गया है, जिसमे स्टीफन फ्लेमिंग, वसीम अकरम और कुमार संगाकारा अनिल कुंबले के खेल के बारे में बात करते हैं। कुंबले की तारीफ करते हुए कुमार ने कहा कि उनके खिलाफ रन बनाना आसान नहीं था, जब मैं उनके खिलाफ खेलता था तो कई रात मैं सो नहीं पाता था।
कुंबले ने नींद उड़ा दी थी
बता दें कि अनिल कुंबले में 132 टेस्ट मैचों में 619 विकेट हासिल किए हैं, जबकि 35 बार 5 विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं। यही नहीं अनिल कुंबले ने एक पारी में सभी 10 खिलाड़ियों को आउट करने का भी कारनामा अपने नाम किया है। वनडे करियर में कुंबले ने 271 मैचों में 337 विकेट हासिल किए हैं। कुंबले की तारीफ करते हुए संगाकारा ने कहा वह साधारण लेग स्पिनर नहीं थे. वह लंबे कद के थे, दौड़ते हुए आते थे और हाई आर्म एक्शन के साथ गेंदबाजी करते थे। तेज गेंद वो भी इतनी सटीक लाइन पर डालना आसान नहीं होता है। उनके खिलाफ रन बनाना आसान नहीं था। उनकी गेंद काफी बाउंस करती थी, उनके पास रफ्तार थी, अगर गेंद रफ जगह पर गिरती थी तो बल्लेबाज के पास उस गेंद को खेलने का बहुत कम समय होता था। वह भारत और विश्व क्रिकेट के लिए जबरदस्त चैंपियन गेंदबाज थे।
तीसरे सबसे अधिक टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज
गौर करने वाली बात यह है कि अनिल कुंबले टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सर्वाधिक विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज हैं। कुंबले ने कुल 619 टेस्ट विकेट अपने नाम किए हैं। इंग्लैंड के जेम्स एंडरसन ही एकमात्र मौजूदा गेंदबाज हैं जो कुंबले को पीछे छोड़ सकते हैं। एंडरसन के नाम कुल 614 टेस्ट विकेट हैं। कुंबले की तारीफ करते हुए श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज महेला जयवर्धने ने कहा कि उन्हें पता था कि उनकी ताकत क्या है, वह अपनी ताकत से दूर नहीं जाते थे और बल्लेबाज से लगातार सवाल करते रहते थे। अगर आप बल्लेबाज हैं और अनिल कुंबले का सामना कर रहे हैं तो आपको पता होता है कि अनिल कुंबले के पास आपके खिलाफ हमेशा योजना है।
टेस्ट क्रिकेट में डाली 40850 गेंद
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने अनिल कुंबले की तारीफ करते हुए कहा कि वह किसी भी लेग स्पिन गेंदबाज से अलग थे। मुझे याद है जब उन्होंने हमारे खिलाफ दिल्ली में एक पारी में 10 विकेट लिए थे। आज भी मुझे यह लगता है जैसे यह कल का ही मैच था। वह बहुत ही मुश्किल गेंदबाज थे। अपने करियर के दौरान कुंबले ने 956 विकेट अपने नाम किए हैं। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सबसे ज्यादा ओवर कराने वाले वह दूसरे गेंदबाज हैं। कुंबले ने कुल 40850 गेंद डाली है। अनिल कुंबले की तारीफ करते हुए हरभजन सिंह ने उन्हें भारत को सबसे ज्यादा मैच जिताने वाला खिलाड़ी बताया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
