नई दिल्ली। दुनिया भर में फैली महामारी कोरोना वायरस के चलते अब तक लाखों लोग आ चुके हैं और अभी भी इससे संक्रमित होने वाले लोगों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इस महामारी से बचने के लिये दुनिया भर के कई देश लॉकडाउन में जा चुके हैं। इस महामारी से बचने के लिये लोग इस वक्त घरों में बंद हैं, काम-काज ठप्प है और इस महामारी के खिलाफ कोरोना वॉरियर्स की जंग जारी है। भारत में भी इस महामारी के खिलाफ लॉकडाउन के 45 दिन पूरे हो चुके हैं और अभी भी जंग जारी है।
इस बीच भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और कोच अनिल कुंबले ने कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई को टेस्ट मैच की दूसरी पारी बताया है जिसमें बल्लेबाज और खिलाड़ी जरा भी ढिलाई नहीं बरत सकते।
और पढ़ें: अमित मिश्रा ने विराट कोहली को लेकर पहले ही की थी भविष्यवाणी, अब सुनाया वो अनसुना किस्सा
अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कुंबले ने कहा, 'अगर हमें इस कोरोना वायरस महामारी से लड़ना है तो हमें एकजुट होना होगा। यह एक टेस्ट मैच की तरह है। क्रिकेट टेस्ट मैच पांच दिनी होते हैं लेकिन यह लंबे समय तक चल रहा है। क्रिकेट टेस्ट मैच प्रत्येक टीम के लिए दो-दो पारियों के होते हैं लेकिन यह इससे भी ज्यादा का हो सकता है। इसलिए आत्ममुग्ध मत बनिए कि हमने पहली पारी में थोड़ी बढ़त ले ली क्योंकि दूसरी पारी और भी मुश्किल हो सकती है।'
अनिल कुंबले ने लोगों को ज्यादा सावधान रखने की सलाह देते हुए कहा कि अगर इस मैच को जीतना है तो पहली पारी की बढ़त को दूसरी पारी में बरकरार रखना होगा, तभी हम इस महामारी के खिलाफ जीत दर्ज कर सकते हैं।
और पढ़ें: जब भारत ने बीच टूर्नामेंट में करा ली थी वापसी की टिकट, फिर जीत गया विश्व कप
उन्होंने कहा, 'हमें इस लड़ाई को जीतना होगा, यह पहली पारी की बढ़त के आधार पर नहीं जीती जा सकती, हमें इसे पटखनी देकर जीतना होगा।'
इसके साथ ही अनिल कुंबले ने कोरोना वायरस के खिलाफ लगातार काम कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य कोरोना वॉरियर्स को धन्यवाद देते हुए कहा कि आप लोग जो काम पर जा रहे हैं, उसकी वजह से हम लोग घर पर सुरक्षित रह पा रहे हैं।
और पढ़ें: PCB ने बतायी उमर अकमल पर 3 साल का लंबा बैन लगाने की असली वजह
आपको बता दें कि इस महामारी की चपेट में अब तक 2,76,000 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 40 लाख से ज्यादा लोग दुनिया भर से इसका शिकार बन चुके हैं। इस महामारी के चलते पूरी दुनिया में कई खेल प्रतियोगिताएं या तो रद्द हो चुकी हैं या फिर टल गई हैं, जिसमें टोक्यो ओलिंपिक, यूरोपीय फुटबॉल चैम्पियनशिप और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) शामिल है।