आईपीएल के तीसरे संस्करण में किंग्स इलेवन पंजाब के लिए खेल रहे श्रीसंत ने समाचार चैनल सीएनएन-आईबीएन से बातचीत के दौरान कहा, "निश्चित तौर पर मैं अपनी घरेलू फ्रेंचाइजी टीम के लिए खेलना पसंद करुं गा। मुझे खुशी है कि आईपीएल में केरल का भी प्रतिनिधित्व होगा।"
श्रीसंत ने कहा कि उन्हें पंजाब के लिए खेलना बेहद पसंद है लेकिन केरल की टीम के आईपीएल में शामिल होने के साथ ही उनका उसके लिए खेलने की इच्छा पैदा हो गई है।
बकौल श्रीसंत, "पंजाब टीम के लिए खेलना मुझे पसंद है। पंजाब टीम ने मुझे सम्मान दिया है लेकिन जब घरेलू टीम के लिए खेलने की बात आती है, तब मेरे जैसा खिलाड़ी निश्चित तौर पर कोच्चि फ्रेंचाइजी टीम का हिस्सा होना चाहेगा।"
उल्लेखनीय है कि रविवार को हुई नीलामी में कोच्चि और पुणे के रूप में दो नई फ्रेंचाइजी टीमें आईपीएल में शामिल की गईं। चेन्नई के आईटीसी पार्क शेरेटन होटल में हुई नीलामी में पुणे टीम को सहारा समूह ने खरीदा जबकि कोच्चि की टीम रांदेवू स्पोर्ट्स ग्रुप के हिस्से में गई।
सहारा एडवेंचर स्पोर्ट्स ग्रुप ने पुणे फ्रेंचाइजी टीम के लिए 37 करोड़ डॉलर की बोली लगाई जबकि रांदेवू स्पोर्ट्स वर्ल्ड ग्रुप ने कोच्चि टीम के लिए 33.33 करोड़ डॉलर खर्च किए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।