एशेज के पहले टेस्ट में शानदार शतक से स्टीव स्मिथ ने तोड़ा विराट का यह बड़ा रिकॉर्ड
नई दिल्ली: स्टीव स्मिथ को क्रिकेट के सबसे लंबे प्रारूप में हमेशा से ही विराट कोहली से बेहतर बल्लेबाज माना जाता रहा है। कई भारतीय फैंस का मानना है कि कोहली, स्मिथ से वनडे प्रारूप में मीलों आगे हैं लेकिन मामला जैसे ही टेस्ट क्रिकेट का आता है तो यह राय धीरे-धीरे पलट जाती है। स्मिथ ने एशेज 2019 के पहले टेस्ट के साथ ही फिर से अपनी क्लास दिखाई है। उन्होंने 12 महीने का लंबा बैन झेलकर सीधे एशेज के जरिए टेस्ट क्रिकेट में वापसी की है। यह वापसी भी ऐसी रही कि उन्होंने अपने टेस्ट करियर की बेस्ट पारियों में एक पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया को जमींदोज होने से बचा लिया। स्मिथ ने ना केवल टीम की इज्जत बचाई बल्कि चिर-प्रतिद्वंदी कोहली का भी बड़ा रिकॉर्ड धराशाई कर दिया।
एक समय इस मैच में ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 8 विकेट पर 122 रन था लेकिन स्मिथ एक छोर पर डटे रहे और 144 रनों की पारी खेलकर टीम का स्कोर 284 रनों तक पहुंचा दिया। यह स्मिथ के टेस्ट करियर का 24वां शतक था जो उन्होंने 118 पारियों में पूरा किया। ऐसा करते ही स्मिथ टेस्ट मैचों में सबसे तेज 24वां शतक पूरा करने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। केवल डॉन ब्रेडमैन ने ही स्मिथ से कम पारियों (66) में यह रिकॉर्ड बनाया था।
आधुनिक खिलाड़ियों की बात करें तो विराट कोहली ने 24वां टेस्ट शतक 123 पारियों में बनाया था। सचिन ने 125 पारियों में यह उपलब्धि दर्ज की थी। जबकि सुनील गावस्कर ने 128 पारियों में यह कारनामा किया था। कुल टेस्ट शतकों के मामलों में स्मिथ से आगे अब केवल 6 कंगारू बल्लेबाज ऐसे हैं जिन्होंने 24 से ज्यादा शतक लगाए हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्मिथ ने ग्रेग चैपल, विव रिचर्ड्स और मोहम्मद युसूफ के 24 टेस्ट शतकों की बराबरी कर ली है। एशेज में स्मिथ का रिकॉर्ड और भी शानदार रहता है। उन्होंने 42 एशेज पारियों 60 से अधिक की औसत से 9 शतक लगाए हैं।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
