Ashes 2021-22: मेलबर्न में जेम्स एंडरसन ने लगाया विकेटों का चौका, नाम किये कई सारे रिकॉर्ड
नई दिल्ली। इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही 5 मैचों की एशेज टेस्ट सीरीज का तीसरा मैच मेलबर्न के मैदान पर खेला जा रहा है, जिसका दूसरा दिन भी ऑस्ट्रेलियाई टीम के नाम रहा है। सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर चुकी ऑस्ट्रेलिया की टीम जब बॉक्सिंग डे टेस्ट खेलने मेलबर्न के मैदान पर उतरी तो उसने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और इंग्लैंड की टीम को महज 185 रन पर समेट दिया। पहले दिन खेल समाप्त होने तक ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अच्छी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ एक विकेट के नुकसान पर 61 रन भी बना लिये। ऐसे में सीरीज में वापसी करने की अपनी बची हुई उम्मीदों को जिंदा रखने के लिये इंग्लिश गेंदबाजों को मैच के दूसरे दिन जबरदस्त बॉलिंग कर कंगारू बल्लेबाजों का विकेट लेना ही एकमात्र रास्ता बचा हुआ था।
और पढ़ें: Ashes 2021-22: मेलबर्न टेस्ट पर मंडराया कोरोना का खतरा, अब तक 5 सदस्य हुए पॉजिटिव
इंग्लैंड के लिये यह काम ऑली रॉबिन्सन ने किया जिन्होंने नाइट वॉचमैन के रूप में आये नॉथन लॉयन (10) का विकेट झटका। कुछ देर बाद ही मार्क वुड ने मार्नस लाबुशेन (1) का विकेट लेकर कंगारू टीम को तीसरा झटका दिया। यहां से जेम्स एंडरसन ने अपनी टीम की वापसी करायी और स्टीव स्मिथ (16), मार्कस हैरिस (76) और पैट कमिंस का विकेट अपने नाम किया। इससे पहले डेविड वॉर्नर (38) का विकेट भी उन्होंने ही लिया था। मार्क वुड, ऑली रॉबिन्सन, बेन स्टोक्स और जैक लीच के दम पर इंग्लैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया को 267 रन पर समेटने में कामयाब हो गई। ऑस्ट्रेलिया की टीम अच्छी शुरुआत के बावजूद सिर्फ 82 रन की ही बढ़त हासिल की जिसका पूरा श्रेय जेम्स एंडरसन को जाता है।

एंडरसन के नाम हुए एशेज का खास रिकॉर्ड
एंडरसन ने अपनी इस गेंदबाजी के दम पर टेस्ट क्रिकेट के कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिये। जेम्स एंडरसन ने अपने एशेज करियर में 13वीं बार 4 विकेट हॉल लेने का कारनामा किया जिसके साथ ही वह एशेज टेस्ट सीरीज के दौरान सबसे ज्यादा बार यह कारनामा करने वाले दूसरे इंग्लिश गेंदबाज बन गये हैं। इस फेहरिस्त में वह सिडनी बार्न्स और बॉबी पील के साथ संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर काबिज हैं, जबकि इयान बॉथम (14 बार) इस लिस्ट में सबसे ऊपर काबिज हैं। इतना ही नहीं जेम्स एंडरसन एशेज में इंग्लैंड के लिये सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले चौथे गेंदबाज बन गये हैं। जेम्स एंडरसन ने एशेज में अब तक 111 विकेट अपने नाम किये हैं और विल्फ्रेड रोडस (109 विकेट) को पीछे छोड़ा है।

एंडरसन ने तोड़ा ब्रॉड का रिकॉर्ड
जेम्स एंडरसन ने अपने टेस्ट करियर में स्टीव स्मिथ को 8वीं बार आउट कर उन्हें सबसे ज्यादा बार पवेलियन भेजने के रिकॉर्ड में स्टुअर्ट ब्रॉड की बराबरी कर ली है। वहीं पाकिस्तान के यासिर शाह (7 बार) इस फेहरिस्त में दूसरे पायदान पर काबिज हैं। इतना ही नहींं इस 4 विकेट हॉल के साथ ही जेम्स एंडरसन 21वीं सदी में इंग्लैंड के लिये ज्यादा 4 विकेट हॉल लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में सबसे टॉप पर पहुंच गये हैं। एंडरसन का यह 13वां 4 विकेट हॉल रहा और उन्होंने स्टुअर्ट ब्रॉड (12 बार) को पीछे छोड़ा है। वहीं इस फेहरिस्त में ओवरऑल आंकड़ों की बात करें तो वो दूसरे पायदान पर काबिज हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व लेग स्पिनर शेन वॉर्न (17 बार) इस लिस्ट में टॉप पर काबिज हैं। जेम्स एंडरसन के टेस्ट करियर में यह 60वीं बार है जब उन्होंने एक पारी में 4 विकेट चटकाये हैं। वह टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह कारनामा करने वाले 5वें गेंदबाज बन गये हैं।

फिर लड़खड़ाई इंग्लिश टीम की बल्लेबाजी
गौरतलब है कि इंग्लिश गेंदबाजों ने भले ही ऑस्ट्रेलियाई टीम को समेट दिया हो लेकिन बल्लेबाजी में उसके खिलाड़ियों ने एक बार फिर से निराश करने का काम किया। दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड की टीम ने महज 31 रन के स्कोर पर अपने 4 विकेट खो दिये हैं। इंग्लैंड के लिये उसके सलामी बल्लेबाजों का शर्मनाक प्रदर्शन फिर से जारी रहा और हसीम हमीद (7), जैक क्राउली (5) 22 रन के स्कोर तक वापस लौट गये थे। हसीब हमीद 6 पारियों में अब तक सिर्फ 65 ही रन बना सके हैं। वहीं इन फॉर्म बल्लेबाज डेविड मलान अपने करियर में दूसरी बार गोल्डन डक का शिकार हुए, इससे पहले वो 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ डक पर आउट हुए थे। इस के साथ ही इंग्लैंड की टीम एक साल में सबसे ज्यादा बार जीरो पर आउट होने वाले खिलाड़ियों कि लिस्ट में टॉप पर पहुंच गई है। इस साल इंग्लैंड के 52 खिलाड़ी जीरो पर आउट हो चुके हैं। वहीं पर भारत की टीम 35 डक के साथ दूसरे पायदान पर काबिज है।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications