एशेज: लंबे समय बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम में हुई इस बल्लेबाज की वापसी, सिडनी टेस्ट की प्लेइंग 11 घोषित
नई दिल्लीः ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में 5 जनवरी से शुरू हो रहे चौथे एशेज टेस्ट के लिए प्लेइंग इलेवन की घोषणा कर दी है। बाएं हाथ के बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा मध्य क्रम के बल्लेबाज ट्रैविस हेड की जगह लेंगे। पहले टेस्ट में तूफानी शतक लगाने वाले हेड को कोविड की चपेट में आने के कारण बाहर कर दिया गया था।
2019 के बाद पहली बार उस्मान ख्वाजा की टेस्ट वापसी हुई है और ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट के लिए अपनी विजयी टीम में यही एकमात्र बदलाव किया है।
इस बीच, ऑस्ट्रेलिया ने बॉक्सिंग डे टेस्ट में मैच जीतने वाली बॉलिंग करने वाले स्कॉट बोलैंड को बरकरार रखा। डेब्यू करने वाले इस तेज गेंदबाज ने सिर्फ 4 ओवर में 6 विकेट लिए थे। बोलैंड को बैगी ग्रीन पहनने का मौका तब मिला जब जोश हेजलवुड पहले टेस्ट में साइड स्ट्रेन के कारण मैच से बाहर हो गए थे।
कप्तान पैट कमिंस ने मंगलवार को पुष्टि की कि हेजलवुड अभी भी साइड स्ट्रेन से उबर रहे हैं और सीनियर गेंदबाज अगर चयन के लिए उपलब्ध होते तो टीम उनको ही वरीयता देती। कमिंस ने हालांकि संकेत दिया कि हेजलवुड 14 जनवरी से होबार्ट में शुरू होने वाले पांचवें एशेज टेस्ट के लिए फिट और तैयार हो सकते हैं।
कमिंस ने सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में संवाददाताओं से कहा, "अगर जोश हेजलवुड उपलब्ध होते तो वह खेलने वाले थे, वह लंबे समय से हमारे लिए शानदार गेंदबाज रहे हैं।"
कमिंस ने इस दौरान बोलेंड के लिए खुशी जताई जिनको अच्छे प्रदर्शन के बाद एक और मौका मिल गया है।
इस बीच, पैट कमिंस ने मिशेल स्वेपसन के बारे में भी बात की जिनको लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं कि इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया के एशिया दौरे को देखते हुए लेग स्पिनर को मौका मिल सकता है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले ही 3-0 की बढ़त बना ली है और एशेज को बरकरार रखा है, ऐसे में कुछ बदलावों की उम्मीद थी।
कमिंस ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में दो स्पिनरों के लिए जगह नहीं दिख रही है।
स्वेपसन के बारे में बात करते हुए कमिंस ने कहा, "वह एक क्लास बॉलर है और हम उसे एक दिन टीम में लाने के लिए उतावले हैं। हमें लगता है कि वह किसी न किसी स्तर पर डेब्यू करेगा, जिसकी सबसे अधिक संभावना है।"
चौथे एशेज टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलिया प्लेइंग इलेवन- डेविड वार्नर, मार्कस हैरिस, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, उस्मान ख्वाजा, कैमरन ग्रीन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिशेल स्टार्क, नाथन लियोन, स्कॉट बोलैंड।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
