नई दिल्ली। विश्व कप 2019 के लिए टीमें अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गई हैं। क्रिकेट के मैदान पर खेल से लेकर खिलाड़ियों के चयन और रणनीति तक मैदान पर तय होती है। टीम में खिलाड़ियों के चयन को लेकर हर टीम में कश्मकश बरकरार है। भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाज अश्विन को टीम में चुने जाने को लेकर 2011 विश्व कप में भारतीय टीम के सदस्य रहे गौतम गंभीर ने बड़ी बात कही है। हालांकि विश्व कप टीम का चयन अभी नहीं हुआ है। लेकिन गौतम गंभीर का मानना है कि आर अश्विन को टीम में चुना जाना चाहिए।
क्या बोले गंभीर:
गंभीर का मानना है कि अश्विन जैसा अंगुलियों का स्पिनर इंग्लैंड की परिस्थितियों में कलाई के स्पिनरों की तुलना में अधिक प्रभावी साबित हो सकते हैं। एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे गौतम गंभीर ने कहा कि रिस्ट स्पिनर कुलदीप और चहल ने हाल के वर्षों में अच्छा प्रदर्शन किया है। लेकिन अश्विन को नजरअंदाज नहीं कर सकते उनपर विचार किया जाना चाहिए।
अश्विन एक अच्छे स्पिनर हैं और उच्च श्रेणी के खिलाड़ी हैं। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी नाथन लियोन का उदारण देते हुए उन्होंने कहा कि टेस्ट क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने के बाद लियोन ने हाल में वनडे टीम में वापसी की है। गंभीर ने कहा, 'मेरा मानना है कि अश्विन ऐसा खिलाड़ी है जिसके नाम पर विचार किया जाना चाहिए क्योंकि हमें साल के उस समय में इंग्लैंड की परिस्थितियों को भी ध्यान में रखना होगा। विकेट सपाट हो सकता है और ऐसे में अंगुलियों का स्पिनर प्रभावी साबित हो सकता है।'
गौरतलब हैं कि अश्विन फिलाहल छोटे फॉर्मेट वाली क्रिकेट से बाहर चल रहे हैं। उन्होंने भारत की तरफ से अंतिम वनडे जुलाई 2017 में खेला था। बता दें कि भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज रह चुके गौतम गंभीर ने हाल ही में क्रिकेट से संन्यास की घोषणी की थी। वह अब सभी तरह की क्रिकेट से दूर हो गए हैं।