नई दिल्ली। एशिया कप में भारत का पहला मुकाबला हांगकांग के खिलाफ खेला जाना है। हांगकांग के खिलाफ भारत का मैच अभ्यास मैच की तरह देखा जा रहा है। लेकिन भारत को 19 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है। इस बार एशिया कप में भारत के स्टार बल्लेबाज और कप्तान विराट कोहली को आराम दिया गया है। विराट की जगह रोहित शर्मा को टीम की कमान दी गई है। विराट की अनुपस्थिति से टीम पर असर पड़ने की बात चल रही है।
पूर्व कप्तान सौरव गांगुली का मानना इसके उलट है। सोमवार को सौरव ने कहा कि भारतीय टीम काफी अच्छी है और नियमित कप्तान विराट कोहली की गैरमौजूदगी से एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ मैच में कोई खास असर नहीं पड़ेगा।एशिया कप में दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच बुधवार को मैच खेला जाएगा। इससे पहले इस प्रतियोगिता में दोनों देशों के बीच 12 मैच खेले गये है जिसमें जीत-हार का रिकॉर्ड 6-5 से भारत के पक्ष में है। गांगुली ने यहां एक कार्यक्रम के इतर कहा कि दुबई में खेले जाने वाले मैच में दोनों टीमें जीत की बराबर दावेदार होंगी।
गांगुली ने कहा, '' कोहली की गैरमौजूदगी से कोई खास असर नहीं पड़ेगा, टीम बेहतर है। पाकिस्तान ने भी अपने प्रदर्शन में सुधार किया है।'' भारत एशिया कप टूर्नामेंट में सबसे सफल टीम है जिसने इस खिताब को छह बार जीता है जबकि पाकिस्तान दो बार इसका चैम्पियन बना है।कोहली की गैरमौजूदगी में रोहित शर्मा भारतीय टीम का नेतृत्व करेंगे। इंग्लैंड दौरे के बाद कोहली को विश्राम दिया गया है।पिछली बार दोनों टीमों का सामना चैम्पियंस ट्राफी के फाइनल में हुआ था जहां पाकिस्तान ने भारत को 180 रन से हराया था। इस बार भारत और पाकिस्तान के मैच को लेकर काफी रोमांच है। रोहित शर्मा अपनी कप्तानी में एशिया कप जीतकर कप्तानी का रिकॉर्ड दुरुस्त करना चाहेंगे।
भारत की टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन (उपकप्तान), लोकेश राहुल, अंबाती रायडू, मनीष पांडे, केदार जाधव, महेंद्र सिंह धोनी, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पांड्या, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, शार्दूल ठाकुर और खलील अहमद।