किंग्स इलेवन ने रॉयल चैलेंजर्स के सामने 204 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा था, जिसे उसने 18.5 ओवरों में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। कैलिस 55 गेंदों पर आठ चौकों और पांच छक्कों की मदद से 89 रन बनाकर नाबाद लौटे। विराट कोहली ने भी नाबाद 16 रन बनाए।
रॉयल चैलेंजर्स के लिए रोबिन उथप्पा ने 21 गेंदों पर चार चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 51 रनों की तूफानी पारी खेली। उथप्पा ने कैलिस के साथ दूसरे विकेट के लिए 5.5 ओवरों में 69 रन जोड़े।
इसके अलावा सलामी बल्लेबाज मनीष पांडेय 26 गेंदों पर दो चौकों और तीन छक्कों की सहायता से 38 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने कैलिस के साथ पहले विकेट के लिए 74 रन जोड़े।
इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी किंग्स इलेवन की टीम ने मानविंदर बिसला (75) और रवि बोपारा (77) की बेहतरीन पारियों की मदद से निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 203 रन बनाए।
बिसला ने 51 गेंदों पर सात चौके और चार छक्के लगाए जबकि बोपारा ने 50 गेंदों का सामना करते हुए नौ चौके और दो छक्के जड़े। दोनों ने पहले विकेट के लिए 129 रन जोड़े।
किंग्स इलेवन के स्टार बल्लेबाज युवराज सिंह (9) ने निराश किया लेकिन माहेला जयवर्धने 26 रन पर नाबाद लौटे। इरफान पठान तीन रन बनाकर नाबाद रहे। जयवर्धने ने 13 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का लगाया।
आईपीएल के तीसरे संस्करण में किंग्स इलेवन को लगातार दूसरी हार मिली है। मोहाली में खेले गए अपने पहले मैच में किंग्स इलेवन को दिल्ली डेयर डेविल्स के खिलाफ पांच विकेट से हार मिली थी।
दूसरी ओर, रॉयल चैलेंजर्स ने कोलकाता नाइट राइर्ड्स टीम के खिलाफ कोलकाता में मिली सात विकेट की हार की निराशा से उबरते हुए शानदार जीत दर्ज की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।