नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जॉन हेस्टिंग्स का करियर खतरे में पड़ गया है। फेंफड़ों की बीमारी के चलत वह अनिश्चित काल तक ब्रेक पर चले गए हैं। हेस्टिंग्स को पिछले 3-4 महीनों से खून की उल्टियां हो रही हैं, जिसकी वजह से अब उन्होंने कुछ वक्त के लिए खेलना बंद कर दिया है।
हेस्टिंग्स ने ऑस्ट्रेलिया के रेडियो स्टेशन आरएसएन से शुक्रवार को कहा, 'मेरे लिए शायद बीते तीन-चार महीनों का यह समय बेहद मुश्किल रहा है। जब भी मैं तैयार होता हूं और गेंदबाजी करने जाता हूं मेरे बलगम में खून आने लगता है।' हेस्टिंग्स ने पहले ही टेस्ट और वनडे से संन्यास लिया है जबकि टी-20 में वह अभी भी खेल रहे हैं। वह बिग बैश लीग (बीबीएल) के 19 दिसंबर से शुरू होने वाले आगामी संस्करण में सिडनी सिक्सर्स से खेलने वाले थे।
उन्होंने कहा, 'बात यह है कि अगर यह स्थिति ठीक नहीं होती है तो मैं इस साल गेंदबाजी नहीं कर पाऊंगा। यह काफी परेशान करने वाली बात है। मैं अभी इससे संभल पा रहा हूं, लेकिन बीते चार-पांच महीने मेरे लिए काफी मुश्किल रहे हैं। मैं इस खेल को पूरे जिंदगी भर खेला है और आगे भी खेलना चाहता हूं। मैं पूरे विश्व भर में टूर्नामेंट खेलना चाहता हूं। इसी कारण मैंने वनडे और चार दिवसीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया।"
ऑस्ट्रेलिया के लिए 29 वनडे मैचों में 53 विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज हेस्टिंग्स ने टीम इंडिया के खिलाफ भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने भारत के खिलाफ 5 मैचों में 12 विकेट भी लिए हैं। साल 2016 में मेलबर्न में खेले गए मुकाबले में इस गेंदबाज ने भारत के खिलाफ 4 विकेट लिए थे। उन्होंने रहाणे, विराट, धोनी जैसे बल्लेबाजों के विकेट लिए थे।