1st T20: कैनबरा में ऑस्ट्रेलिया पर भारी पड़ा कनकशन नियम, 3 विकेट हासिल कर चहल ने पलटा मैच
नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली जा रही टी20 सीरीज का पहला मैच आज कैनबरा के मैदान पर खेला गया जहां पर भारतीय टीम ने पिछड़ने के बाद जबरदस्त वापसी की और कंगारू टीम को पहले मैच में 11 रनों से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। इसके साथ ही भारतीय टीम ने लगातार 9वां अंतर्राष्ट्रीय मैच जीतने का कारनामा किया। भारतीय टीम के लिये आज के मैच में तेज गेंदबाज टी नटराजन, रविंद्र जडेजा और युजवेंद्र चहल ने अहम योगदान दिया। बल्लेबाजी के दौरान जहां केएल राहुल (51) और रविंद्र जडेजा (44) की शानदार पारियों के दम पर 161 रनों का स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही तो वहीं पर गेंदबाजी में नटराजन और चहल ने 3-3 विकेट झटक कर अपनी टीम को जीत दिलाने का काम किया।
हालांकि फैन्स को यह जानकर हैरानी होगी कि ऑस्ट्रेलियाई टीम के 3 अहम बल्लेबाजों का विकेट हासिल करने वाले युजवेंद्र चहल आज के मैच में प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं थे लेकिन बल्लेबाजी के दौरान रविंद्र जडेजा के सिर पर चोट लगने के चलते बतौर कनकशन सबस्टिट्यूट मैदान पर उतरे।
और पढ़ें: 1st T20, AUS vs IND: कोहली-बाबर के खास क्लब में शामिल हुए केएल राहुल, नाम किया बड़ा रिकॉर्ड
मैच रेफरी के इस फैसले से ऑस्ट्रेलियाई कोच जस्टिन लैंगर नाखुश नजर आये लेकिन भारतीय टीम के लिये उनका यह फैसला मैच जिताने वाला साबित हुआ। ऑस्ट्रेलिया के लिये सलामी बल्लेबाज एरॉन फिंच (35) और डार्सी शॉर्ट (34) ने पहले विकेट के लिये 56 रनों की साझेदारी की।
इस दौरान कप्तान कोहली ने 8वें ओवर में कनकशन सब्स्टीट्यूट के रूप में मैदान पर उतरे चहल को गेंद थमाई जिन्होंने चौथी ही गेंद पर एरॉन फिंच को पांड्या के हाथों कैच कराया। वहीं अपने दूसरे ओवर में चहल ने स्टीव स्मिथ को संजू सैमसन के हाथों कैच कराकर वापस पवेलियन भेज दिया। चहल ने अपने स्पेल की आखिरी गेंद पर मैथ्यू वेड का विकेट हासिल किया।
और पढ़ें: 1st T20, AUS vs IND: प्लेइंग 11 में शामिल नहीं होने के बावजूद मैदान पर उतरे चहल, जानें क्या है कारण
वहीं दूसरे छोर से तेज गेंदबाज टी नटराजन ने भी अपने डेब्यू मैच में शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवर में 30 रन देकर 3 विकेट हासिल किये। नटराजन ने अपनी गेंदबाजी में डार्सी शॉर्ट, ग्लेन मैक्सवेल और मिशेल स्टार्क का विकेट हासिल किया। इनके अलावा दीपक चाहर ने भी मोइसिस हेनरिक्स का विकेट हासिल किया। भारतीय गेंदबाजों के सामने जहां ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत की लेकिन अंत में लक्ष्य से 11 रन दूर रह गये और महज 150 रन ही बना सके। वहीं चहल को उनके शानदार स्पेल के लिये मैन ऑफ द मैच चुना गया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications