CA announces Johny Mullagh Award for Australia vs India Boxing Day test match: नई दिल्ली। भारतीय टीम इस समय 4 मैचों कि द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज खेलने के लिये ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर है। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (Border Gavaskar Trophy) के तहत खेली जा रही इस सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट से मात देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। वहीं सीरीज का दूसरा मैच अब बॉक्सिंग डे (Boxing Day Test) पर मेलबर्न के मैदान पर खेला जायेगा।
पहले मैच में मिली शर्मनाक हार के बाद मेलबर्न पहुंचने वाली भारतीय टीम के लिये इस मैच में वापसी करना आसान काम नहीं होने वाला है चूंकि टीम के नियमित कप्तान विराट कोहली (Virat kohli) पैटर्निटी लीव के तहत वापस भारत लौट रहे हैं तो वहीं पर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (Mohammad Shami) भी चोटिल होकर सीरीज से बाहर हो गये हैं।
और पढ़ें: विजडन ने जारी की सदी के बेस्ट ODI प्लेयर्स की World 11, सचिन बाहर, कपिल बनें कप्तान
इस बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने दोनों टीमों के बीच चल रही इस रोमांचक तकरार को और मजेदार बनाने के लिये खास ऐलान किया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच में शानदार प्रदर्शन कर मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड हासिल करने वाले खिलाड़ी को जॉनी मुलाग (Johny Mullag) मेडल से सम्मानित करने का ऐलान किया है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक संदेश लिखकर इस बात की जानकारी दी। सीए ने लिखा, 'हमें यह बताते हुए खुशी है कि हमने बॉक्सिंग डे टेस्ट में मैन ऑफ द मैच बनने वाले खिलाड़ी को ऑस्ट्रेलिया की पहली अंतर्राष्ट्रीय टीम के कप्तान जॉनी मुलाग (Johny Mullag) के नाम पर दिये जाने वाले मेडेल से सम्मानित करने का फैसला किया है। वह 1868 की ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान थे।'
और पढ़ें: AUS vs IND: कंगारू टीम के सलामी बल्लेबाज ने उड़ाया पृथ्वी शॉ का मजाक, जानें क्या बोले
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया की पहली टीम जो विदेशी दौरे पर गई थी मुलाग (Johny Mullag) उसके कप्तान थे। उन्हीं की अगुवाई में ऑस्ट्रेलिया ने 1868 में पहली बार इंग्लैंड का दौरा किया था। उनका असली नाम उनारिमिन था और इस दौरे में उन्होंने 47 में से 45 मैचों में भाग लिया था, जिसमें उन्होंने लगभग 23 की औसत से 1698 रन बनाए थे।
मुलाग (Johny Mullag) ने इस दौरान 1877 ओवर्स की गेंदबाजी भी की और 831 ओवर मेडन फेंककर 245 विकेट झटकने का काम किया। अपने करियर के दौरान वह विकेटकीपर की जिम्मेदारी भी निभाते हुए नजर आये और इस दौरान 4 स्टंपिंग भी की।