नई दिल्ली। भारत दौरे पर आई ऑस्ट्रेलियाई टीम को बड़ा झटका लगा है। दरअसल मंगलवार (12 सितंबर) को टूर के पहले मैच यानी की प्रैक्टिस मैच में दिग्गज कंगारू बैट्समैन एरॉन फिंच खेलने नहीं उतरे। ये प्रैक्टिस मैच ऑस्ट्रेलिया और भारत की बोर्ड इलेवन टीम के बीच था।
टीम इंडिया के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले ही ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए ये बड़ा झटका लगा है। पैर की चोट के चलते फिंच को प्रैक्टिस मैच से बाहर रखा गया है। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) की वेबसाइट के अनुसार, फिंच की चोट हालांकि इतनी गंभीर नहीं है कि वह पांच वनडे मैचों की सीरीज से बाहर हो जाएं। ऑस्ट्रेलिया ने जोखिम न लेते हुए उन्हें आराम देने का फैसला किया है।
आपको बता दें कि फिंच की पिंडली में छह सप्ताह पहले इंग्लैंड में सर्रे की तरफ से खेलते हुए चोट लग गयी थी और वह फिजियो एलेक्स कोंटोरिस के साथ मिलकर काम कर रहे हैं ताकि रविवार को होने वाले पहले वनडे मैच तक फिट हो सकें।
गौरतलब है कि कुछ सीनियर खिलाड़ियों को अभ्यास मैचों के दौरान विश्राम देने का पहले से चलन रहा है। ऑलराउंडर हिल्टन कार्टराइट बीमार होने के कारण अभ्यास सत्र में भाग नहीं ले पाये और उनके मैच में खेलने को लेकर फैसला कल सुबह किया जाएगा।