नई दिल्ली। महिला टी 20 विश्व कप में धमाकेदार मैच जारी हैं। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के जबरदस्त खेल की तारीफ सभी जगह हो ही रही है कि अॉस्ट्रेलिया की एक खिलाड़ी ने विश्व कप का नया रिकॉर्ड बना डाला। अॉस्ट्रेलिया की एलीसा हेली ने आईसीसी महिला विश्व टी -20 टूर्नामेंट का सबसे तेज अर्धशतक बनाया। जिससे ऑस्ट्रेलिया ने आयरलैंड को नौ विकेट से हराकर ग्रुप बी में शीर्ष पर पहुंच गया है।
हेली ने 21 गेंदों में 50 रनों की पारी खेली जिसकी मदद से ऑस्ट्रेलिया ने 9.1 ओवरों में 94 रनों के लक्ष्य का पीछा किया। अगर विश्व कप से हटकर पूरे महिला टी20 क्रिकेट की बात की जाए तो न्यूजीलैंड की सोफी डेविन 18 गेंदों में सबसे तेज टी -20 अर्धशतक बनाने का रिकॉर्ड रखती हैं।
इतना ही नहीं हेली इसी के साथ दुनिया की ऐसी तीसरी विकटकीपर खिलाड़ी बन गई है जिन्होंने टी 20 मैचों में एक हजार या उससे ज्यादा रन पूरे कर लिए हैं। अॉस्ट्रेलिया अब मंगलवार को न्यूजीलैंड से भिड़ेगा। अगर टीम यह मैच जीत जाती है तो वह सेमीफाइनल में जगह पक्की कर लेगी।
बता दें एक आजकल पुरूष कंगारू टीम की हालत खस्ता चल रही है और उसको हाल ही में दक्षिण अफ्रीका से वन डे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में अॉस्ट्रेलिया महिला टीम अगर इस विश्वकप में कुछ बेहतर करने में कामयाब होती है तो यह कंगारूओं के लिए एक बड़ा मरहम होगा।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट टी-20 विश्वकप के अपने दूसरे मैच में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को सात विकेट से हरा दिया। रविवार को गुयाना में खेले गए ग्रुप बी के मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान के 7 विकेट से मात दी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान ने भारत के सामने जीत के लिए 134 रन का लक्ष्य रखा, जिसे भारतीय टीम ने 19 ओवर में हासिल कर लिया। भारत के लिए सर्वाधिक 56 रन मिताली राज ने बनाए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।