नई दिल्ली। पाकिस्तान टीम के पूर्व कप्तान और इसी साल तक वनडे क्रिकेट खेलने वाले अजहर अली ने वनडे क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। अजहर अली ने तत्काल प्रभाव से वनडे क्रिकेट को अलविदा कहा है। अजहर अली इस साल के न्यूजीलैंड दौरे के बाद टीम से बाहर चल रहे थे क्योंकि इस मौके वह भुना नहीं पाए थे। वहीं, फखर जमां और इमाम उल-हक के टीम में आने से अजहर अली के कमबैक के आसार खत्म हो गए थे।
साल 211 में आयरलैंड के खिलाफ वनडे में डेब्यू करने वाले अजहर अली ने 53 वनडे मुकाबले खेले हैं। इन मुकाबलों में अजहर अली ने 36.90 के औसत से 1845 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं। अजहर अली ने आखिरी वनडे मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ इसी साल 13 जनवरी को खेला था। इस मुकाबले में अजहर अली बिना खाता खोले आउट होकर पाकिस्तानी टीम को मझधार में छोड़ गए थे।
कप्तानी से भी देना पड़ा था इस्तीफा
आपको बता दें, अजहर को मिस्बाह उल-हक के बाद वनडे टीम की कप्तानी भी मिली थी। लेकिन साल 2015 के वर्ल्ड कप में टीम के खराब प्रदर्शन के बाद उन्होंने कप्तानी पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद सरफराज अहमद ने टीम की कमान संभाली और पाकिस्तान को चैंपियंस ट्रॉफी जैसा बड़ा टूर्नामेंट जिताया था। एक्सप्रेस न्यूज के मुताबिक, अजहर अली ने यंगस्टर्स को मौका देने के लिए वनडे क्रिकेट से अलविदा कहा है।
स्ट्राइक रेट रहा चिंता का विषय
वनडे टीम से बाहर होने के बाद अजहर अली को कमबैक का मौका तक नहीं मिला। पाकिस्तान टीम के मौजूदा टॉप ऑर्डर को देखा जाए तो वर्ल्ड कप 2019 तक अजहर अली के पास वापसी करने का मौका नहीं है। बताया जा रहा है कि अजहर अली का जो स्ट्राइक रेट है, वह बहुत ही खराब है। अजहर अली वनडे क्रिकेट में 74.45 के स्ट्राइक रेट से रन बनाते रहे हैं, जो कि किसी भी टीम के लिए चिंता का विषय है। बता दें कि अभी अजहर अली की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।