नई दिल्ली, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रमंडल खेलों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी माइक हूपर ने शुक्रवार को तीन से 14 अक्टूबर के बीच होने वाले आयोजन की तैयारियों की चिंताओं को दूर करते हुए कहा कि नई दिल्ली इसकी मेजबानी के लिए समय पर तैयार हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि खेल स्थलों के निर्माण को लेकर चिंतित होने की जरूरत नहीं है। चीजें बेहतर हो रही है और सुरक्षा के इंतजाम संतोषजनक हैं।
आश्वस्त दिख रहे हूपर ने कहा कि भारत ने जो काम अपने हाथ में लिया है उसे पूरा करने के अलावा उसके पास कोई दूसर विकल्प नहीं है।
हूपर ने आईएएनएस के साथ बातचीत में कहा, "देखिए, इससे कोई इंकार नहीं कर सकता कि खेलों की तैयारियों के बारे में हमने बार-बार अपनी चिंताएं जाहिर की थी। यदि आपको याद हो तो राष्ट्रमंडल खेल फेडरेशन के अध्यक्ष माइकल फिनेल ने दिसंबर में स्टेडियमों के पूरा होने में देरी को 'दुखद' करार दिया था। इस साल के शुरू में उन्होंने कहा कि 'कुछ चिंताएं' हैं और पिछले सप्ताह उन्होंने प्रगति को लेकर संतुष्टि जाहिर की। इसलिए चीजें निश्चित तौर पर बेहतर हो रही हैं।"
उन्होंने कहा, "खेल तीन से 14 अक्टूबर के बीच आयोजित होने वाले हैं, और तारीख और स्थल को बदलने का अब सवाल ही नहीं है। अंतिम तारीख को कई संशोधित किया जा चुका है और अब हम उस जगह पहुंच गए हैं जहां चीजें सही मायने में ठीक हैं। यदि इसका मतलब दिन में 24 घंटे काम करना है तो ऐसा होगा और आयोजन समिति यह समझती है।"
हूपर ने कहा कि विभिन्न खेलों, जिसमें हॉकी विश्व कप भी शामिल है, के सफल आयोजन से पता चलता है कि चीजें सही रास्ते पर हैं।
'कॉमनवेल्ड रग्बी सेवेन्स' के मौके पर हूपर ने कहा, "हमने शूटिंग, बॉक्सिंग, तीरंदाजी और हॉकी विश्व कप के आयोजन में परीक्षण किया और इन स्थानों पर चीजें कुल मिलाकर तैयार हैं। जिसमें कमियां हैं उस पर हम काम कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि इन खेलों के आयोजन के लिए भारत पूरी तरह से सुरक्षित है। फरवरी में पुणे में हुए विस्फोट की छाया इन खेलों के आयोजन पर नहीं पड़ेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।