India vs South Africa Women: भारत ने फिर दक्षिण अफ्रीका को रौंदा, 5 विकेट से हरा जीती सीरीज
नई दिल्ली। भारत और दक्षिण अफ्रीका की महिला क्रिकेट टीम के बीच जारी 3 मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मैच में मिताली राज की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने 5 विकेट से जीत हासिल कर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। पहले मैच में 8 विकेट से जीत हासिल करने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम वड़ोदरा के मैदान पर एक बार फिर मजबूत इरादों के साथ उतरी। पहले मैच की तरह भारतीय टीम को इस मैच में भी टॉस को लेकर निराशा हाथ नहीं लगी और कप्तान मिताली राज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर्स में 6 विकेट खोकर 247 रन बनाये जिसे भारतीय टीम ने 5 विकेट खोकर 2 ओवर पहले ही हासिल कर लिया। भारतीय टीम ने इस मैच को 5 विकेट से जीता और 3 मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली।

दक्षिण अफ्रीका की सधी शुरुआत, भारत को दिया 248 का लक्ष्य
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम के लिए सलामी बल्लेबाज लाउरा वोल्वार्ट और लिजेज ली ने शानदार शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 76 रन जोड़े। लिजेज ली को 40 रन के निजी स्कोर पर पूनम यादव ने वापस पवेलियन भेजा। इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज तृषा शेट्टी ने वोल्वार्ट के साथ 51 रन की साझेदारी की जिसे शिखा पांडे ने तोड़ा। दक्षिण अफ्रीका के लिए लाउरा वोल्वर्ट ने सबसे अधिक 69 रन बनाए, जबकि लिजेले ली और मिग्नोन डू पेरेज ने भी 40 और 44 रन की पारी खेल टीम में अपना योगदान दिया।

भारतीय ओपनर्स ने किया निराश, खराब रही शुरुआत
भारत की ओर से शिखा पांडे, एकता बिष्ट और पूनम यादव ने 2-2 विकेट हासिल किया। जबकि झूलन गोस्वामी और दीप्ती शर्मा को आज खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। गोस्वामी ने अपने 10 ओवर में 49 रन दिए जबकि दीप्ती ने 59 रन, दोनों ही खिलाड़ी आज विकेट निकाल पाने में नाकाम रही। इस बीच कप्तान मिताली ने हरमनप्रीत से भी 2 ओवर गेंदबाजी कराई जिसमें उन्होंने 12 रन दिये।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से दिये गये 248 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और पारी के नौंवे ओवर में ही टीम ने रोड्रिगेज (18) का विकेट 34 रन के स्कोर पर खो दिया। पारी थोड़ी संभली ही थी कि डेब्यू मैच में नाबाद 75 रन की पारी खेलने वाली प्रिया पुनिया को इस्मैल ने वोल्वार्ट के हाथों कैच करा वापस पवेलियन भेज दिया। भारतीय टीम ने महज 66 रन के कुल स्कोर पर ही अपने 2 विकेट खो दिए थे।

पूनम-मिताली ने संभाली पारी, की शतकीय साझेदारी
इसके बाद, पूनम राउत (65) ने कप्तान मिताली राज (66) के साथ मिलकर 129 रनों की साझेदारी की और मेजबान टीम को मुश्किल परिस्थिती से बाहर निकाला। पूनम राउत ने 92 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौके लगाये और 65 रनों की पारी खेली। राउत को खाका ने कैच कराकर वापस पवेलियन भेजा।
वहीं कप्तान मिताली राज ने 82 गेंदों का सामना किया और 8 चौकों की मदद से 66 रनों की पारी खेली। भारतीय टीम की कप्तान 195 रन के स्कोर पर वापस पवेलियन लौटी और 1 रन बाद ही पूनम राउत का भी विकेट गिर गया।

हरमनप्रीत ने जिताया मैच
हालांकि तब दोनों खिलाड़ी अपना काम कर चुके थे। इसके बाद टी-20 प्रारूप की कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने अपने नाबाद 39 रनों की पारी से भारत को जीत दिला दी। दक्षिण अफ्रीका की ओर से अयाबोन्गा खाका ने सबसे अधिक तीन विकेट चटकाए। राउत को उनकी दमदार बल्लेबाजी के लिए 'मैन ऑफ द मैच' चुना गया।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
