नई दिल्ली। आईसीसी वर्ल्ड कप 2019 का खिताब जीतने की प्रबल दावेदार इंग्लैंड क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लग सकता है। उनके सबसे तेज गेंदबाज मार्क वुड विंडीज के खिलाफ होने वाले मैच से बाहर हो सकते हैं। वुड को बांग्लादेश के खिलाफ हुए अपने पिछले मैच में चोट लगी थी। इंग्लैंड का विंडीज के खिलाफ इस टूर्नामेंट में चाैथा मैच होगा। इंग्लैंड 2 मैच जीत चुकी है जबकि 1 में उसे पाकिस्तान से हार मिली है।
इंग्लैंड को वेस्टइंडीज के खिलाफ शुक्रवार को खेले जाने वाले वर्ल्ड कप 2019 के मैच से पहले करारा झटका लगा है। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड का टखने की चोट के उभर आने से वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलना संदिग्ध है। मार्क वुड को ये चोट इंग्लैंड के पिछले मैच में बांग्लादेश पर जीत के दौरान लगी थी। इसी मैच के दौरान वुड ने 153.9 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकते हुए वर्ल्ड कप 2019 की सबसे तेज गेंद फेंकने का रिकॉर्ड बनाया था। वुड इस वर्ल्ड कप में टीम के लिए 3 में से 2 मैच ही खेल सके हैं जिसमें उन्होंने 4 विकेट चटकाए हैं।
इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन ने वुड की चोट पर कहा कि ये बहुत गंभीर नहीं है। कार्डिफ मैच के बाद उन्हें कुछ सूजन आ गई थी। इस समय सिर्फ उन्हीं को लेकर चिंता है। हालांकि, इस पर आखिरी फैसला टीम मैनेजमेंट को लेना है लेकिन आगे के मैचों में उनकी उपस्थिति को देखते हुए इंग्लैंड की टीम शायद उन्हें आराम दे सकती है। 29 वर्षीय वुड ने इसी साल विंडीज दौरे पर कुछ खतरनाक स्पैल फेंकते हुए अपने करियर को फिर से संभालाथा लेकिन उनके टखने का तीन बार ऑपरेशन हो चुका है। उन्हें वाॅर्म-अप मैच में भी इसकी समस्या आई थी जिस कारण वह तब 3 ओवर ही फेंक सके थे।