ढाका। एक बार फिर से क्रिकेट की पिच से दिल दहला देनी वाली घटना सामने आई है। शनिवार को एक बांग्लादेशी युवा क्रिकेटर की मैच के दौरान गेंद लगने से मौत हो गई। दरअसल शुक्रवार को एक मैच के दौरान बैलूर मठ ग्राउंड पर गेंद लगने के बाद 17 वर्षीय रफिकुल इस्लाम को देर रात ढाका मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। तमाम कोशिशों के बाद उसे बचाया नहीं जा सका।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्थानीय पुलिस अधिकारी इनामुल हक ने बताया कि कुछ युवा मैदान में खेल रहे थे। लेकिन रफिकुल इस्लाम मैच नहीं खेल रहे थे वे अंपायरिंग कर रहे थे। गेंद उनकी छाती पर लगी और वह वहीं गिर पड़े। खबरों के मुताबिक मृतक रफिकुल इस्लाम बेहद गरीब परिवार से था उसके पिता रिक्शा चलाकर गुजारा करते हैं। आपको बता दें कि अभी कुछ ही समय पहले पाकिस्तान में एक क्रिकेटर की गेंद लगने से मौत हो गई थी उससे पहले ऑस्ट्रेलिया के फिलिप ह्यूज की मौत की गेंद लगने से हुई थी। इन घटनाओं ने क्रिकेट की दुनिया को हिलाकर रख दिया था। ह्यूज की मौत के बाद क्रिकेट में कई नियम बदले गए थे। हालांकि गली क्रिकेट में क्रिकेट के नियमों की हमेशा अनदेखी होती है। उसी के चलते कई बार बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ता है।